महंगाई के विरोध में भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चलाई साइकिल, यूकेडी ने दिया धरना,तो आम आदमी पार्टी ने केन्द्र सरकार का पुतला फूंका
Share your love

देहरादून: राज्य के तीन विपक्ष दल कांग्रेस, उत्तराखंड (यूकेडी) और आम आदमी पार्टी (आप) ने केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकारों की घेराबंदी की। शनिवार को तीनों दलों के कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग अपने अपने ढंग से विरोध जताया। कांग्रेस ने नगर में पेट्रोल-डीज़ल की बढ़ती कीमतों और महंगाई के विरोध में साइकिल चलाकर प्रदर्शन किया। यूकेडी ने धरना दिया और आप ने महंगाई के विरोध में केन्द्र सरकार का पुतला फूंका। विपक्षी दलों ने राज्य सरकार पर कोरोना काल में विकास कम राजनीति अधिक करने का आरोप लगाया।
शनिवार को देहरादून जिले के रायपुर विधानसभा में युवा कांग्रेस और महानगर, प्रदेश कांग्रेस ने सयुंक्त रूप से साइकिल रैली निकली। कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह सहित प्रमुख नेताओं ने साइकिल चलाकर भाजपा सरकार पर महंगाई का ठीकरा फोड़ा। रैली सहस्रधारा क्रासिंग तिराहा से शुरू होकर, लाडपुर पुलिया छह नंबर, राजीव नगर होते हुए विधानसभा परिसर के पास समाप्त हुई।
इस मौके पर अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने पेट्रोल-डीजल के बढ़ते मूल्यों को लेकर भाजपा की नाकामियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि महंगाई को लेकर कांग्रेस को कोसने वाली भाजपा अब तो जनता का दर्द सुन लो। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास कराने का झूठा दम भर रही हैं। रैली संयोजक पूर्व प्रदेश सचिव टीटू त्यागी ने कहा कि जनता की बात करने वाली भाजपा सरकार को महंगाई रोकने की दिशा में काम करना चाहिए। लेकिन डबल इंजन की सरकार आराम की नींद ले रही है।
वहीं महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने महंगाई के लिए केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों को जिम्मेदार ठहराया। इस मौके पर पूर्व पिछड़ा आयोग के अध्य्क्ष अशोक वर्मा, सेवादल महानगर अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल, कृष्ण पाल,यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष राबिन सिंह सहित अन्य मौजूद थे।
यूकेडी के जिलाध्यक्ष विजय कुमार बौड़ाई के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपने कार्यालय के बाहर पेट्रो उत्पादों की मूल्यवृद्धि को लेकर सांकेतिक धरना दिया। इस दौरान जिलाध्यक्ष बौडाई ने बताया कि आज डीजल के दाम पट्रोल से अधिक हो गया है और यह सरकार हाथ पे हाथ धरे बैठी है। कोरोना की मार में जनता पहले से ही परेशान है। उस पर महंगाई की मार से उनका रोटी का इंतजाम करना भारी पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि जब तक प्रदेश में वापस आए प्रवासियों को रोजगार नहीं मिल जाता, तब तक राज्य सरकार ऐसे लोगों को 10 हजार रुपये दिया जाए। पार्टी ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भी भेजा है। धरने में दल के संरक्षक त्रिवेंद्र सिंह पंवार, कार्यकारी अध्यक्ष एपी जुवाल, लताफत हुसैन के अलावा पार्टी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
महंगाई के विरोध में आप ने फूंका केन्द्र सरकार का पुतला…
उतराखंड आम आदमी पार्टी (आप) ने महंगाई को लेकर केन्द्र सरकार के खिलाफ गांधी पार्क के मुख्य द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया और केन्द्र सरकार का पुतला फूंका। आप के प्रदेश प्रवक्ता रविंद्र आंनद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार के विरोध में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केन्द्र सरकार के पुतले को आग के हवाले किया। इस दौरान वक्ताओं ने डबल इंजन वाली सरकार पर महंगाई को रोकने में असमर्थ रहने का आरोप लगाया। इस मौके पर रविन्द्र आनंद ने कहा कि केंद्र सरकार ने राहत पैकेज के नाम पर जनता को ठगा है। यह पैसा जनता का है न कि भाजपा का। भाजपा वर्चुअल रैली के बहाने से अपनी नाकामियों को छिपा रही है। सरकार के पास विजन नहीं है। महंगाई और सरकार के अन्य जनविरोधी निर्णयों के खिलाफ आप के कार्यकर्ता जनता के हित के लिए अपनी लड़ाई को जारी रखेंगे।
Discover more from Lokjan Today
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Uttarakhand Latest News Portal
Section: अंग्रेजी | मनोरंजन | विदेश | देश | उत्तराखंड | राजनीति | स्पोर्ट्स | ट्रैवल | वीडियो
Latest News: Delhi | Himachal | Haryana | Punjab | Rajasthan | Bihar | Maharashtra | Uttar Pradesh | Madhya Pradesh | Jharkhand | Gujarat | Jammu and Kashmir
LokJan Today is your news, entertainment, music, and fashion website. We provide the latest breaking news and videos straight from Uttarakhand and other parts of India. Uttarakhand leading newspaper and online portal. We share information and breaking news about Dehradun, Nainital, Rishikesh, Haridwar, etc.
Contact us: editor@lokjantoday.com
