उत्तराखण्ड का दूसरा यादव सिंह निकला राजेंद्र गोयल, सौ करोड़ी इंजीनियर की सम्पत्ति पर हाई कोर्ट का हंटर !

Share your love

लोकजन टुडे, ब्यूरो

त्रिवेन्द्र कार्यकाल में PMYGSY के मुख्य अभियंता रहे इंजीनियर राजेंद्र गोयल पर आय से अधिक संपत्ति मामले में हाई कोर्ट ने हंटर चलाया है। याचिकाकर्ता जितेंद्र सिंह ने विजीलेंस में इंजीनियर राजेंद्र गोयल और उनके परिवार की आय से अधिक संपत्ति की शिकायत की थी लेकिन विजीलेंस द्वारा उस पर कोई कार्यवाही नहीं की।

सूचना के अधिकार में जानकारी मांगने पर विजीलेंस ने जानकारी देने से यह कहते हुए इनकार कर दिया कि वह एक अभिसूचना इकाई है। न्यायालय में याचिका डालने पर याचिकाकर्ता को पता चला कि विजीलेंस ने उसकी शिकायत पर आरोपी की जांच करने के बजाए शिकायतकर्ता की ही जांच कर दी और शिकायत को रंजिश के तहत की गई शिकायत बताकर शिकायत को बंद कर दिया।

याचिकाकर्ता जितेंद्र सिंह द्वारा पुनः याचिका दायर की गई जिसकी सुनवाई मुख्य न्यायाधीश की खण्डपीठ के समक्ष हुई। न्यायालय इस बात से खफा दिखा कि विश्वसनीय साक्ष्य होने के बाद भी विजीलेंस ने कोई जाँच नहीं की।

खंडपीठ द्वारा अतिरिक्त अटॉर्नी जनरल अमरेन्द्र प्रताप सिंह के निवेदन पर विजिलेंस को चार सप्ताह के अंदर हलफनामा दाखिल कर यह स्पष्ट करने को कहा है कि याचिकाकर्ता की शिकायत किस आधार पर बंद की गई और याचिकाकर्ता द्वारा दिए गए साक्ष्यों पर जांच हुई या नहीं हुई। न्यायालय के रूख को देखते आने वाले दिनों में इस प्रकरण में कोई बड़ी कार्यवाही हो सकती है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.