एसएसपी देहरादून के निर्देशन और सीओ विकासनगर के पर्यवेक्षण में दून पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर नशा तस्कर किया गिरफ्तार !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

देहरादून। दून पुलिस ने जिले में नशा तस्करों के खिलाफ जोरदार अभियान छेड़ते हुए एक और सफलता हासिल की है। एसएसपी देहरादून के कुशल मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी सीओ विकासनगर के सशक्त नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के तहत वांछित एक अभियुक्त को धर दबोचा। अधिकारियों द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर पूर्ण विराम लगाने के लिए दिए गए सख्त निर्देशों का नतीजा धरातल पर साफ नजर आ रहा है।
​वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के स्पष्ट संदेश के बाद सीओ विकासनगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली विकासनगर पुलिस एक्शन मोड में कार्य कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने वांछित अभियुक्त निसार (उम्र 55 वर्ष), निवासी वार्ड नं. 08, ढकरानी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।

​पुराने मामले से जुड़ा था आरोपी का नाम…

मामला 17 मार्च 2026 का है, जब पुलिस ने नेत्र सिंह नाम के तस्कर को 253.26 ग्राम अवैध डोडा पाउडर के साथ गिरफ्तार किया था। गहन पूछताछ के दौरान नेत्र सिंह ने खुलासा किया था कि उसने यह डोडा पाउडर ढकरानी निवासी निसार से खरीदा था।

​मुखबिर की सूचना पर ढकरानी से गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ विकासनगर के दिशा-निर्देशन में कोतवाली विकासनगर पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के लिए सुरागरसी-पतारसी तेज की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 08 सितंबर 2026 को सटीक सूचना के आधार पर ढकरानी क्षेत्र से निसार को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने पूर्व में पकड़े गए अभियुक्त नेत्र सिंह को डोडा पाउडर बेचा था। निसार का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, वह पूर्व में भी नशीले पदार्थों की तस्करी में जेल जा चुका है।

उक्त नशा तस्कर को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ओमवीर चौधरी​, कांस्टेबल अनिरुद्ध​ एवं कांस्टेबल चमन सिंह​ शामिल थे।

एसएसपी देहरादून और सीओ विकासनगर के नेतृत्व में की गई इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र के नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों की इस दूरदर्शी कार्यशैली और पुलिस टीम के इस सराहनीय कदम की स्थानीय जनता द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.