प्रेमनगर से पटेलनगर तक अपराधियों पर “राठौड़” का कहर: दून पुलिस ने सुपारी किलिंग की साजिश का किया पर्दाफाश !

Share your love

संवाददाता : करन सहगल

देहरादून। राजधानी में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत एसएसपी देहरादून के कुशल मार्गदर्शन और पटेल नगर पुलिस की मुस्तैदी को एक और बड़ी सफलता मिली है। पटेल नगर क्षेत्र में पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच हुई साहसिक मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से एक कुख्यात बदमाश घायल हो गया, जिसे पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।​

एसएसपी के दिशा-निर्देशों पर पटेलनगर पुलिस की त्वरित व साहसिक कार्रवाई…

दिनांक 11 सितंबर 2026 को पुलिस टीम को सूचना मिली कि बड़ोवाला फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाले बदमाश पुनः किसी वारदात को अंजाम देने या बची हुई सुपारी की रकम लेने देहरादून आए हैं जिसके बाद SSP देहरादून के कुशल नेतृत्व में पटेल नगर पुलिस ने गोरखपुर चौक पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।

​चेकिंग के दौरान बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन वे पुलिस को देखकर प्रेमनगर रोड की ओर भाग निकले।

घेराबंदी करते हुए पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। बदमाशों ने चाय बागान की पगडंडी पर बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागते हुए पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पटेल नगर पुलिस टीम ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

मुठभेड़ में घायल अभियुक्त की पहचान अंकित चौहान निवासी लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई है, जो पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। फरार अभियुक्त की पहचान अंकुर के रूप में हुई है, जिसकी तलाश में पुलिस कॉम्बिंग अभियान चला रही है।

पुलिस ने मौके से 315 बोर का 01 देसी तमंचा, 01 जिंदा व 02 खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है।

​5 लाख रुपये में ली गई थी सुपारी​…

पूछताछ में अभियुक्त अंकित ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि उज्जीवन बैंक की कर्मचारी मालिया रहमान ने अपने साथी मोहित के साथ मिलकर सत्यम कुमार (बैंक कर्मी) को रास्ते से हटाने के लिए ₹5 लाख की सुपारी दी थी। शादी का झांसा देकर किसी अन्य से सगाई करने की रंजिश के चलते मालिया ने ₹1.20 लाख एडवांस देकर सत्यम की फोटो और लोकेशन मुहैया कराई थी। 8 सितंबर को अभियुक्तों ने सत्यम पर गोली चलाई थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। आज अभियुक्त बची हुई रकम लेने देहरादून पहुंचे थे।

​अपराधिक पृष्ठभूमि और जारी कॉम्बिंग अभियान…

​पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मुठभेड़ में घायल अभियुक्त अंकित चौहान एक पेशेवर अपराधी है और पूर्व में भी कई गंभीर आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। घटना के बाद से फरार चल रहे दूसरे बदमाश की धरपकड़ के लिए एसएसपी देहरादून के सख्त निर्देशों पर आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर पुलिस का सर्च अभियान लगातार जारी है।

घटना के महज 3 दिनों के भीतर मामले का पर्दाफाश करने और जान पर खेलकर अपराधियों को घुटने टेकने पर मजबूर करने के लिए क्षेत्र की जनता द्वारा SSP देहरादून के कुशल मार्गदर्शन और कोतवाली पटेल नगर पुलिस टीम की अदम्य कार्यकुशलता एवं तत्परता की भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.