देहरादून चिड़ियाघर में आया सफेद बाघ ‘तेजस’, अब पर्यटक भी कर सकेंगे दीदार!

Share your love

लोकजन टुडे, शीतल सकलानी

देहरादून। मालसी स्थित देहरादून चिड़ियाघर में अब पर्यटकों को सफेद बाघ देखने का मौका मिलेगा। चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ को लाया गया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उसके लिए बनाए गए नए बाड़े का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी चिड़ियाघर में निशुल्क प्रवेश देने की घोषणा की।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ के आने से चिड़ियाघर का आकर्षण और बढ़ेगा। इससे यहां आने वाले पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का एक नया अनुभव मिलेगा। उन्होंने बताया कि देहरादून चिड़ियाघर में हर साल करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं। इससे सालाना सात करोड़ रुपये से अधिक की आय भी होती है।


बच्चों के बाद अब कॉलेज के छात्रों को भी मिलेगी छूट
मुख्यमंत्री ने कहा कि चिड़ियाघर में पहले से ही बच्चों के लिए निशुल्क भ्रमण की व्यवस्था है। अब कॉलेज के विद्यार्थियों को भी मुफ्त प्रवेश दिया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है।


पर्यावरण और विकास के बीच संतुलन जरूरी
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक और भौगोलिक रूप से संवेदनशील राज्य है। यहां हर साल प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ पर्यावरण का ध्यान रखना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों और वन संपदा का संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।