देहरादून: प्रेमनगर के जंगल में कूड़े के ढेर से मिला अज्ञात महिला का शव, हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस की टीमें !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

बाईट : पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जया बलोनी

कल दिनांक 18 नवंबर 2026 की शाम करीब 6:00 बजे थाना प्रेमनगर पुलिस को सूचना मिली कि जामुनवाला के जंगल में कूड़े के ढेर के पास एक महिला का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। जांच के दौरान महिला के चेहरे और गले पर धारदार हथियार या किसी भारी वस्तु से किए गए गहरे घाव के निशान मिले। पुलिस का मानना है कि महिला की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को यहां लाकर फेंका गया।

घटनास्थल पर फॉरेंसिक और एफएसएल की टीमों को बुलाकर साक्ष्य संकलित किए गए हैं। मृतका की शिनाख्त के लिए पुलिस ने उसकी तस्वीर और हाथ पर बने टैटू की फोटो सोशल मीडिया पर साझा की है। इसके साथ ही जनपद के अन्य थानों, पड़ोसी जिलों और अन्य राज्यों से भी गुमशुदा महिलाओं का विवरण जुटाया जा रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी बिधोली की तहरीर पर थाना प्रेमनगर में हत्या का अभियोग पंजीकृत किया गया है, जिसकी विवेचना स्वयं थानाध्यक्ष प्रेमनगर के द्वारा की जा रही है।

घटना के जल्द अनावरण के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर संबंधित क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस टीमें घटनास्थल की ओर आने-जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ सर्विलांस की भी मदद ले रही हैं। सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान पुलिस के हाथ एक महत्वपूर्ण सुराग लगा है। फुटेज में 17 नवंबर 2026 की रात घटनास्थल के पास एक संदिग्ध कार जाती हुई दिखाई दी है। पुलिस अब इस कार के बारे में विस्तृत जानकारी जुटा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया है।