राहुल गांधी से मुलाकात के बाद हरीश रावत में लौटा जोश, बोले- अब मेरी यात्रा को लेकर छाया कुहासा छंट गया!

Share your love

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा- राष्ट्रीय नेतृत्व से खुलकर हुई बातचीत, उत्तराखंड में पार्टी के लिए पहले से ज्यादा सक्रिय होकर करेंगे काम!

लोकजन टुडे, शीतल सकलानी

देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहे हैं। राहुल गांधी से मुलाकात के बाद उन्होंने नई ऊर्जा और उत्साह मिलने की बात कही है। रावत का कहना है कि राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ हुई बातचीत से कई राजनीतिक मुद्दों पर स्थिति साफ हुई है। इसका असर आने वाले दिनों में उत्तराखंड की राजनीति में भी देखने को मिलेगा।


हरीश रावत ने कहा कि राहुल गांधी से मुलाकात उनके लिए काफी उत्साहजनक रही। पार्टी नेतृत्व की ओर से उन्हें उत्तराखंड और देश में पार्टी के लिए उपयोगी मानना अपने आप में बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि 80 वर्ष की उम्र में भी पार्टी नेतृत्व का यह भरोसा उनके लिए बूस्टर डोज की तरह है। वह पहले भी पार्टी के लिए काम करते रहे हैं और आगे भी पूरी सक्रियता के साथ काम करते रहेंगे।


स्वास्थ्य कारणों से रोकनी पड़ी थी धन्यवाद जनसंवाद यात्रा
रावत ने बताया कि पिछले कुछ समय से वह लंबे समय तक बीमार रहे और एक गंभीर स्वास्थ्य परिस्थिति से भी गुजरे। इसी दौरान उनके स्वास्थ्य को लेकर कई तरह की चर्चाएं हुईं। उन्होंने बताया कि इसी अवधि में ईडी ने उनके एक सहयोगी के घर पर छापा मारा और उन्हें भी नोटिस देकर बुलाया गया।
उन्होंने कहा कि उनकी धन्यवाद जनसंवाद यात्रा से पार्टी को फायदा मिल रहा था, लेकिन प्रदेश प्रभारी की ओर से यात्रा रोकने के निर्देश मिलने के बाद उन्होंने आगे की यात्रा स्थगित कर दी थी।


राहुल गांधी से मुलाकात के बाद दूर हुई असमंजस की स्थिति
हरीश रावत ने कहा कि जब कोई व्यक्ति जनता के बीच काम करने निकलता है तो कई तरह की बातें और चर्चाएं सामने आती हैं। कई बार इन सबके बीच असली उद्देश्य पीछे छूट जाता है। उनकी यात्रा को लेकर भी ऐसी ही स्थिति बन गई थी।


उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ बातचीत के बाद अब वह असमंजस दूर हो गया है। मुलाकात के दौरान उन्हें अपनी धन्यवाद जनसंवाद यात्रा और उत्तराखंड की राजनीतिक परिस्थितियों पर अपनी बात रखने का मौका मिला।
रावत के इस बयान को उत्तराखंड कांग्रेस में उनकी आगे की सक्रिय भूमिका के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए उनकी यह मुलाकात और उसके बाद आया बयान प्रदेश की सियासत में अहम माना जा रहा है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.