देहरादून में युवती की हत्या कर जामुनवाला में फेंका शव, पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर किए कई वार; टैटू से शिनाख्त की कोशिश!

Share your love

लोकजन टुडे, शीतल सकलानी

देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जामुनवाला में बुधवार को एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती का शव कूड़े के ढेर के पास सीमेंट के कट्टों और पॉलिथिन से ढका हुआ मिला। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या किसी दूसरी जगह पर की गई और बाद में शव को यहां लाकर फेंक दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार को एक व्यक्ति जामुनवाला के जंगल में कूड़ा डालने पहुंचा था। इसी दौरान उसकी नजर कूड़े के ढेर में छिपे शव पर पड़ी। उसने इसकी जानकारी ग्राम प्रधान को दी, जिसके बाद प्रेमनगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पुलिस के मुताबिक, युवती ने पीले रंग का सूट पहना हुआ था। उसके गले और चेहरे पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। पहचान छिपाने के लिए चेहरे को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया गया है। फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो पाई है।

हाथ पर बने टैटू से पहचान करने में जुटी पुलिस

मृतका के हाथ पर बने टैटू को पुलिस अहम सुराग मान रही है। इसी के आधार पर युवती की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस देहरादून के अलग-अलग थानों के साथ आसपास के जिलों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।

पांच सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस

घटनास्थल पर खून के निशान नहीं मिलने से पुलिस को शक है कि हत्या कहीं और की गई थी। इसके बाद शव को जामुनवाला के जंगल में लाकर ठिकाने लगाया गया। अब पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। युवती कौन थी, उसकी हत्या कहां की गई, शव को यहां कौन लेकर आया, वारदात में कितने लोग शामिल थे और हत्या के पीछे की वजह क्या थी? फिलहाल इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।

एसपी सिटी शेखर सुयाल के मुताबिक, घटनास्थल पर खून के निशान नहीं मिले हैं। इससे दूसरी जगह हत्या कर शव यहां फेंके जाने की आशंका है। पुलिस आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।