एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में थाना रायपुर, थाना नेहरू कॉलोनी और एसओजी की संयुक्त टीम ने रायपुर थानाक्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना का किया खुलासा !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

देहरादून के रायपुर थानाक्षेत्र के रिंग रोड पर हुई अंधाधुंध फायरिंग की सनसनीखेज घटना का दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पर्दाफाश कर दिया है।

एसएसपी देहरादून के कुशल निर्देशन में गठित पुलिस टीमों ने घटना में संलिप्त तीन शातिर अभियुक्तों को थानो रोड स्थित सोढा सरोली क्षेत्र से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है, जिसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान हुई थी।​

क्या था मामला?

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 4 जुलाई 2026 को बंजारावाला राजेंद्र विहार निवासी वादी दिवाकर खंडूड़ी पुत्र जमानंद खंडूड़ी ने रायपुर थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर के मुताबिक, 3 जुलाई की रात करीब 9:00 बजे जब वह अपने दोस्तों नवीन राणा और रोहन कुमार के साथ रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर खड़े थे, तभी अचानक 3-4 अज्ञात हमलावर दौड़ते हुए वहां पहुंचे। हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से पिस्टल से दो राउंड फायर झोंक दिए। इस गोलीबारी में एक गोली नवीन राणा के कंधे पर और दूसरी गोली वहां से गुजर रहे राहगीर कमेंद्र शर्मा के पैर में जा लगी। घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। वादी की तहरीर पर थाना रायपुर में भारतीय न्याय संहिता संबंधित धारा के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।

मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर घटना के अनावरण और आरोपियों की धरपकड़ के लिए 5 अलग-अलग विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और उसके आस-पास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला, जिससे संदिग्धों के हुलिए और भागने के रास्तों की महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके साथ ही, अस्पताल में उपचाराधीन घायल राहगीर कमेंद्र शर्मा से गहन पूछताछ की गई, जिससे पुलिस को जांच की मुख्य दिशा मिली।

कमेंद्र शर्मा ने बताया कि बिजनौर निवासी अक्षय प्रधान और उसके साथियों से उसकी पुरानी दुश्मनी चल रही थी, जिसके बाद पुलिस ने कड़ियां जोड़ते हुए आरोपियों की घेराबंदी की और घटना में शामिल अभियुक्तो अरुण कुमार उर्फ छोटू , पुत्र दयाराम, निवासी आदर्श कॉलोनी, रिंग रोड, रायपुर, देहरादून, ​सन्नी कुमार, पुत्र गोविन्द सिंह, निवासी किद्दूवाला, थाना रायपुर, देहरादून तथा सिंह पुत्र जयपाल सिंह, निवासी हाल शिमला बायपास रोड, देहरादून तथा आदर्श सिंह, पुत्र जयपाल सिंह, निवासी हाल शिमला बायपास रोड, देहरादून को गिरफ्तार कर लिया ।

इस बड़ी कामयाबी का श्रेय एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी के उत्कृष्ट सुपरविजन और कुशल पुलिसिंग को दिया जा रहा है जिसमें थानाध्यक्ष रायपुर संजीत कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, चौकी प्रभारी मयूर विहार उपनिरीक्षक संजय रावत, चौकी प्रभारी मालदेवता उपनिरीक्षक दीपक पंवार एवं अन्य टीम मौजूद थी ।

वहीं थाना नेहरू कॉलोनी से थानाध्यक्ष नेहरू कॉलोनी उपनिरीक्षक मनोज नौटियाल, उपनिरीक्षक संदीप कुमार एवं उपनिरीक्षक धनीराम पुरोहित शामिल थे।

इसके साथ ही एसओजी देहरादून से उपनिरीक्षक विनोद राणा, हैड कॉन्स्टेबल किरण कुमार, कॉन्स्टेबल नवनीत एवं कॉन्स्टेबल विनीत शामिल थे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.