दिल्ली-NCR में प्रदूषण से बिगड़े हालात, कई इलाकों में AQI 400 के पार; सांस लेना हुआ मुश्किल!

Share your love

लोकजन टुडे,शीतल सकलानी

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण एक बार फिर लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। शनिवार सुबह राजधानी की हवा बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। हालांकि, पिछले दिन के मुकाबले दिल्ली के औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में मामूली सुधार देखने को मिला है, लेकिन कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर अब भी गंभीर बना हुआ है।

शनिवार सुबह दिल्ली का औसत AQI 349 दर्ज किया गया। वहीं, कुछ निगरानी केंद्रों पर यह आंकड़ा 400 के पार पहुंच गया। IIT दिल्ली में AQI 419 और ITO में 414 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है।

इसके अलावा चांदनी चौक में 395, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में 390 और आनंद विहार में 389 AQI रिकॉर्ड किया गया। रोहिणी में 366 और नरेला में 359 दर्ज हुआ। वहीं, दिल्ली एयरपोर्ट पर AQI 348 और आरके पुरम में 315 रहा।

नोएडा और गाजियाबाद में भी प्रदूषण की मार

दिल्ली के साथ एनसीआर के दूसरे शहरों में भी हवा की गुणवत्ता चिंता का विषय बनी हुई है। नोएडा के सेक्टर-62 में AQI 442 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में है। वहीं, गाजियाबाद के लोनी इलाके में AQI 401 तक पहुंच गया। फरीदाबाद के सेक्टर-11 में 307 और सेक्टर-30 में 306 दर्ज किया गया।

क्या है AQI की श्रेणी?

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मानकों के मुताबिक, 0 से 50 तक AQI अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बेहद खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में माना जाता है।

ऐसे में दिल्ली का औसत AQI भले ही 349 दर्ज हुआ हो, लेकिन कई इलाकों में स्थिति इससे कहीं ज्यादा खराब है। प्रदूषण के इस स्तर पर खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.