जनता का जनप्रतिनिधि या सत्ता के मंच पर दबंगई? जौलजीबी मेले में कांग्रेस विधायक हरीश धामी का हाईवोल्टेज हंगामा, कुर्सी उठाकर मारी; वीडियो वायरल!
Share your love
देखिए वीडियो…
पिथौरागढ़ के धारचूला में आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का मंच शनिवार को विकास योजनाओं की चर्चा के बजाय राजनीतिक विवाद का अखाड़ा बन गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में स्थानीय कांग्रेस विधायक हरीश धामी की नाराजगी उस वक्त खुलकर सामने आ गई, जब उन्हें मंच से संबोधन का अवसर नहीं मिला। माइक बंद होने के बाद विधायक का गुस्सा इस कदर बढ़ा कि मंच पर जमकर हंगामा हुआ। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित जौलजीबी मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने पिथौरागढ़ जिले को 102.72 करोड़ रुपये की 25 विकास योजनाओं की सौगात दी और मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा समेत कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
इसी दौरान स्थानीय विधायक हरीश धामी को संबोधन का अवसर नहीं मिलने पर विवाद शुरू हो गया। वायरल वीडियो में विधायक मंच पर अपनी नाराजगी जाहिर करते नजर आ रहे हैं। माइक बंद होने के बाद उनकी अधिकारियों से तीखी बहस हुई। वीडियो में माइक फेंकने और कुर्सी उठाकर मारने की घटना भी दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। इस दौरान मंच पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
विधायक ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए क्षेत्र की विकास योजनाओं, कथित भ्रष्टाचार और पुरानी घोषणाओं के पूरा न होने जैसे मुद्दे भी उठाए। इसी दौरान उनके बयान ने राजनीतिक विवाद को और बढ़ा दिया। वायरल वीडियो में विधायक कहते सुनाई दे रहे हैं, “अगर गुंडागर्दी करनी है तो मुझसे बड़ा गुंडा भी कोई नहीं है।” इतना ही नहीं, उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को 2027 के चुनाव को लेकर चुनौती भी दी।
अब इस पूरे घटनाक्रम पर कई बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं…
क्या स्थानीय विधायक को संबोधन का अवसर न देना जनप्रतिनिधि का अपमान है? क्या क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर नाराजगी जताने का यह तरीका उचित है? क्या जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि को सार्वजनिक मंच पर अपनी भाषा और व्यवहार की मर्यादा बनाए रखने की जिम्मेदारी नहीं होनी चाहिए?
सबसे बड़ा सवाल कांग्रेस पार्टी से भी है। क्या कांग्रेस अपने विधायक के इस व्यवहार का समर्थन करती है? क्या पार्टी में सार्वजनिक मंच पर इस तरह की बयानबाजी और हंगामे को स्वीकार किया जाता है? क्या प्रदेश नेतृत्व इस पूरे मामले में विधायक से जवाब मांगेगा या फिर इसे केवल प्रोटोकॉल का विवाद बताकर अपनी जिम्मेदारी से किनारा कर लेगा?
जौलजीबी मेला केवल एक सरकारी आयोजन नहीं, बल्कि भारत-नेपाल की साझा संस्कृति, परंपरा और व्यापारिक रिश्तों का प्रतीक है। ऐसे महत्वपूर्ण आयोजन के दौरान मंच पर हुआ यह विवाद अब राजनीतिक बहस का विषय बन गया है।
अब देखना होगा कि कांग्रेस इस पूरे मामले पर क्या सफाई देती है और क्या विधायक हरीश धामी अपने इस व्यवहार को लेकर कोई स्पष्टीकरण देते हैं। सवाल सिर्फ मंच पर बोलने का मौका मिलने या न मिलने का नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधि के पद की गरिमा और सार्वजनिक व्यवहार का भी है।
Discover more from Lokjan Today
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Uttarakhand Latest News Portal
Section: अंग्रेजी | मनोरंजन | विदेश | देश | उत्तराखंड | राजनीति | स्पोर्ट्स | ट्रैवल | वीडियो
Latest News: Delhi | Himachal | Haryana | Punjab | Rajasthan | Bihar | Maharashtra | Uttar Pradesh | Madhya Pradesh | Jharkhand | Gujarat | Jammu and Kashmir
LokJan Today is your news, entertainment, music, and fashion website. We provide the latest breaking news and videos straight from Uttarakhand and other parts of India. Uttarakhand leading newspaper and online portal. We share information and breaking news about Dehradun, Nainital, Rishikesh, Haridwar, etc.
Contact us: editor@lokjantoday.com
