सत्ता की शह और ‘आईटीआई गैंग’ का आतंक: हल्द्वानी में नाबालिग से दरिंदगी के मामले में बड़ा खुलासा, मेयर के ‘तथाकथित भतीजे’ समेत चार सलाखों के पीछे!

Share your love

लोकजन टुडे,देहरादून

हल्द्वानी (नैनीताल): देवभूमि की शांत वादियों और खासकर हल्द्वानी शहर की फिजाओं में इन दिनों अपराध और राजनीति के गठजोड़ की चर्चाएं तेज हैं। शहर के मुखानी थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ हुई सामूहिक दरिंदगी की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए छात्र राजनीति से जुड़े रहे मुख्य आरोपी धीरज बिष्ट समेत चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन, इस हाई-प्रोफाइल मामले की परतें जैसे-जैसे खुल रही हैं, वैसे-वैसे शहर के सियासी गलियारों में हड़कंप मचता जा रहा है।

मामला यह है

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 12 नवंबर की सुबह 16 वर्षीय पीड़िता (12वीं की छात्रा) रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। अनहोनी की आशंका से घबराए परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश शुरू की और मोबाइल लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस हेल्पलाइन 112 को सूचना दी। तलाश के दौरान परिजन जब कटघरिया स्थित ‘त्रिशूल होमस्टे’ पहुंचे, तो पीड़िता दो युवकों के साथ बाहर निकलती दिखाई दी। परिजनों को देखते ही आरोपी बाइक से भागने लगे, लेकिन परिजनों ने हिम्मत दिखाते हुए अपनी बेटी को उनके चंगुल से छुड़ा लिया।
पीड़िता ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि पहले से परिचित होने का फायदा उठाकर अंश खत्री और नितिन पाल उसे घुमाने के बहाने उत्तर प्रदेश के बहेड़ी ले गए थे। वहां से लौटने के बाद उसे छड़ाय चौराहे के पास छोड़ा गया, जहां पहले से हिमांशु गोनी मौजूद था। हिमांशु उसे कुछ खिलाने के बहाने दुर्गा सिटी सेंटर ले गया और वहां फोन कर धीरज बिष्ट को बुलाया। इसके बाद धीरज और हिमांशु पीड़िता को कटघरिया स्थित त्रिशूल होमस्टे ले गए, जहां कमरा लेकर दोनों ने बारी-बारी से डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में उन्होंने अंश और नितिन को भी वहीं बुला लिया।

खाकी का काम , चारों आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली मुखानी पुलिस ने बिना किसी दबाव में आए तत्काल मुकदमा (मु.अ.सं. 203/26) दर्ज किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा 5(g)/6 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) व 70(2) के तहत गंभीर धाराओं में मामला पंजीकृत कर चारों आरोपियों— धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी को गिरफ्तार कर लिया है।

गौरतलब है कि मुख्य आरोपी धीरज बिष्ट छात्र संघ चुनाव 2026-27 में अध्यक्ष पद का प्रत्याशी रह चुका है और 1 नवंबर 2026 तक एबीवीपी (ABVP) का नगर मंत्री भी रहा है।

बताया जा रहा है कि जिस त्रिशूल होमस्टे में इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया गया, उसे पूर्व में धीरज बिष्ट ने ही लीज पर लेकर चलाया था।

सियासी गलियारों में चर्चा: मेयर का ‘खास’ और ‘आईटीआई गैंग’ का कनेक्शन!
इस पूरे कांड के बाद शहर में एक और चर्चा ने जोर पकड़ लिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मुख्य आरोपी धीरज बिष्ट शहर के मौजूदा मेयर गजराज सिंह बिष्ट का ‘तथाकथित भतीजा’ बताया जा रहा है। स्थानीय गलियारों में यह बात आग की तरह फैल रही है कि शहर में सक्रिय मनबढ़ युवकों के एक तथाकथित ‘आईटीआई गैंग’ को लंबे समय से सियासी संरक्षण प्राप्त था।

चर्चाओं का बाजार गर्म है कि इस गैंग से जुड़े लड़कों के कई पुराने कारनामों और विवादों पर रसूख के दम पर पर्दा डाल दिया जाता था। सूत्रों का कहना है कि राजनीतिक पकड़ और कथित संरक्षण के चलते पुलिस और कानून का डर इनके जेहन से खत्म हो चुका था, जिससे इनके हौसले इस कदर बुलंद हो गए कि इन्होंने एक नाबालिग छात्रा को अपना शिकार बना डाला।

इस बार काम नहीं आया कोई रसूख

जानकारों का मानना है कि हर बार की तरह इस मामले में भी लीपापोती करने और दबाव बनाने की कोशिशें पर्दे के पीछे से जरूर हुई होंगी, लेकिन मामला एक नाबालिग बच्ची की अस्मिता और पॉक्सो जैसे संगीन अपराध से जुड़ा होने के कारण पुलिस प्रशासन ने किसी की एक न सुनी। खाकी की इस सख्त कार्रवाई ने उन तमाम रसूखदारों को कड़ा संदेश दे दिया है, जो अपराधियों को अपनी ढाल बनाकर कानून से खिलवाड़ करते रहे हैं। फिलहाल, चारों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

(नोट: माननीय सर्वोच्च न्यायालय और पॉक्सो एक्ट के दिशा-निर्देशों के तहत नाबालिग पीड़िता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी गई है।)


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.