रोंग साइड वाहन चालकों पर एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी का डंडा: दो दिनों में काटे 245 चालान, ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों में हड़कंप !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

शहर की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने और सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी लगातार एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। उनके कुशल नेतृत्व और सख्त दिशा-निर्देशों के चलते सीओ ट्रैफिक जगदीश पंत के तत्वधान में ट्रैफिक पुलिस और सीपीयू (सिटी पेट्रोल यूनिट) की टीम रोंग साइड (विपरीत दिशा) में वाहन चलाने वाले लापरवाह चालकों के खिलाफ एक बड़ा अभियान (ड्राइव) चला रही है। एसपी ट्रैफिक की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है।

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को कड़ा सबक सिखाने के लिए कल सीपीयू और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने मिलकर एक बड़ा चैकिंग अभियान चलाया। इस दौरान खतरनाक तरीके से रोंग साइड गाड़ी चलाकर दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले 141 व्यक्तियों के ताबड़तोड़ चालान काटे गए थे।

एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी के सख्त रुख का असर आज भी सड़कों पर साफ देखने को मिला। उनके नेतृत्व में टीम ने आज भी अपनी कार्रवाई जारी रखी और विपरीत दिशा में वाहन दौड़ाने वाले 104 अन्य लोगों के चालान काटकर उन्हें सख्त हिदायत दी।

दो दिनों के भीतर कुल 245 चालान काटकर पुलिस ने साफ संदेश दे दिया है कि सड़कों पर हुड़दंग और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्थानीय निवासियों और जागरूक नागरिकों ने ट्रैफिक पुलिस के इस कदम की जमकर सराहना की है। लोगों का कहना है कि रोंग साइड वाहन चलाने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती थीं, लेकिन एसपी ट्रैफिक के इस सराहनीय नेतृत्व और मुस्तैदी के कारण अब सड़कों पर यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिल रहा है। ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए हमेशा निर्धारित दिशा और यातायात नियमों का पालन करें।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.