आगामी केदारनाथ धाम यात्रा की तैयारियों को लेकर एसपी रुद्रप्रयाग ने गुप्तकाशी में ली महत्वपूर्ण बैठक !

Share your love

लोकजन टुडे ब्यूरो

आगामी केदारनाथ धाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने आज गुप्तकाशी में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में स्थानीय व्यापार मंडल, टैक्सी यूनियन, ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों और श्री विश्वनाथ मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान यात्रा व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने और यातायात प्रबन्धन पर विस्तृत चर्चा की गई।

  • ​यातायात प्रबन्धन और ‘वन-वे’ व्यवस्था पर सहमति – ​बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु गुप्तकाशी बाजार और मंदिर क्षेत्र में होने वाला यातायात जाम रहा। गहन विचार-विमर्श के बाद, विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र को ‘वन-वे’ (One-Way) करने पर सर्वसम्मति बनी, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को आवाजाही में परेशानी न हो।
  • ​टैक्सी संचालन – यातायात को सुचारु रखने के लिए निर्णय लिया गया कि मुख्य बाजार में टैक्सियों का जमावड़ा नहीं होगा। टैक्सी स्टैंड को शहर से बाहर किसी उपयुक्त स्थान पर चिन्हित किया जाएगा, जहां से गाड़ियां बारी-बारी से (रोटेशन के आधार पर) पिक-अप पॉइंट पर आएंगी।
  • ​कानून व्यवस्था और जन-सहयोग की अपील – ​एसपी रुद्रप्रयाग ने स्पष्ट किया कि तीर्थ स्थल की मर्यादा और सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने स्थानीय जनता से अपील की कि:
    ​क्षेत्र में शराब और मीट के परिवहन की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
  • ​स्थानीय प्रतिनिधियों ने यातायात डायवर्ट न करने का आग्रह किया, जिस पर पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सामान्यतः डायवर्जन नहीं किया जाएगा, परन्तु अत्यधिक भीड़ बढ़ने की स्थिति में कानून व्यवस्था और सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यकतानुसार डायवर्जन लागू किया जा सकता है।
  • ​साइबर सुरक्षा और ठगी से बचाव – ​बैठक में यात्रा के दौरान होने वाली साइबर ठगी और हेलीकॉप्टर टिकट धोखाधड़ी पर भी गंभीर चर्चा हुई। एसपी ने उपस्थित लोगों को जागरुक करते हुए बताया कि फर्जी वेबसाइटों के माध्यम से यात्रियों को ठगा जाता है। उन्होंने जन प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे बाहरी क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही टिकट बुक करने के लिए प्रेरित करें।

​इस बैठक में पुलिस अधीक्षक के साथ पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी विकास पुंडीर, एसएचओ गुप्तकाशी राकेश कुमार, और यातायात निरीक्षक कैलाश चन्द्र शर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने स्थानीय संगठनों को भरोसा दिलाया कि उनके सुझावों पर अमल किया जाएगा ताकि इस वर्ष की यात्रा एक आदर्श यात्रा के रूप में सम्पन्न हो सके।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.