देहरादून पुलिस की त्वरित और सख्त कार्रवाई: राजपुर रोड पर हुड़दंग मचाने वाला सिरफिरा चालक गिरफ्तार, कार सीज़ !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

​देहरादून। शहर की सड़कों पर हुड़दंग मचाने और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ देहरादून पुलिस का सख्त रवैया लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना राजपुर पुलिस ने अनुकरणीय तत्परता और कुशलता का परिचय देते हुए सार्वजनिक सड़क पर लापरवाही से वाहन चलाकर स्टंट व हुड़दंग करने वाले एक युवक को धर दबोचा और उसकी गाड़ी को सीज़ कर दिया।

हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें एक युवक राजपुर रोड और सहस्रधारा रोड क्षेत्र में अपनी होंडा सिटी कार पर बिना नंबर प्लेट अथवा फैंसी नंबर प्लेट लगाकर अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से वाहन दौड़ाते हुए हुड़दंग मचा रहा था। इस वीडियो से स्थानीय नागरिकों और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना हुआ था।

​मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने राजपुर पुलिस को आरोपी चालक के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए। आदेश मिलते ही राजपुर पुलिस की टीम तुरंत हरकत में आई और बेहतरीन पेशेवर दक्षता का प्रदर्शन करते हुए वायरल वीडियो का गहन विश्लेषण किया।

​पुलिस टीम ने अपने सटीक सूचना तंत्र और आधुनिक जांच पद्धतियों के बल पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ ही समय में वाहन और उसके चालक की पहचान कर ली। 28 सितंबर 2026 को राजपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया और वाहन को मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) की संबंधित धाराओं के तहत सीज कर दिया।

आरोपी चालक की पहचान जोशुआ रॉबिन पुत्र रॉबिन अमोसपता निवासी 56, किशनपुर कैनाल रोड, देहरादून के रूप में हुई है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.