विकासनगर के वार्ड नंबर 11 में सफाई व्यवस्था चरमराई: गंदगी से बीमारियों का खतरा, प्रशासन और सभासद मौन !

Share your love

रिपोर्ट – नितिन पिपलानी

विकासनगर के वार्ड नंबर 11 में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। मुख्य मार्गों और रिहायशी इलाकों में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं, जिससे स्थानीय निवासियों और व्यापारियों का जीना मुहाल हो गया है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस बदहाली के बाद भी नगर पालिका प्रशासन और स्थानीय सभासद कुंभकर्णी नींद सोए हुए हैं, जिससे क्षेत्र में गंभीर बीमारियों के फैलने का खतरा मंडराने लगा है।

सफाई व्यवस्था की पोल खोलती तस्वीरें सबसे ज्यादा नेशनल हाईवे और मुख्य बाजार में देखने को मिल रही हैं। पेट्रोल पंप के सामने, सम्राट होटल और नरेश मोटर के ठीक आगे गंदगी का ऐसा साम्राज्य स्थापित हो गया है कि वहाँ से गुजरना भी दूभर हो गया है। हाईवे जैसे व्यस्त मार्ग पर इस तरह की लापरवाही शहर की छवि को भी धूमिल कर रही है।

इस अव्यवस्था को लेकर स्थानीय व्यापारियों और आम जनता में गहरा रोष व्याप्त है। व्यापारियों का कहना है कि दुकान के सामने कूड़ा पड़े रहने से उनके व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है, वहीं राहगीरों को बदबू के साए में आवाजाही करनी पड़ रही है। लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद नगर पालिका प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। ऐसा लग रहा है कि जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़ी महामारी के फैलने का इंतजार कर रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही वार्ड नंबर 11 की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया, तो वे पालिका प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.