इंस्टाग्राम पर हीरे के हार का प्रदर्शन करना घरेलू सहायिका को पड़ा भारी, साल भर पहले हुई ₹10 लाख की चोरी का दून पुलिस ने किया खुलासा !
Share your love
संवाददाता : करन सहगल

एसएसपी देहरादून की सटीक रणनीति और ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत थाना राजपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने करीब एक वर्ष पूर्व हुई लाखों रुपए की चोरी की घटना का पर्दाफाश करते हुए एक महिला चोर को गिरफ्तार किया है।
दिलचस्प बात यह है कि चोरी की गई संपत्ति का इंस्टाग्राम पर प्रदर्शन करना ही महिला आरोपी की गिरफ्तारी की मुख्य वजह बना। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 10 लाख रुपए कीमत के हीरे और सोने के आभूषण बरामद किए हैं।
मालिक के भरोसे का फायदा उठाकर की थी चोरी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी महिला विमला, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी की रहने वाली है और वर्तमान में देहरादून के जाखन क्षेत्र में रह रही थी। विमला शिकायतकर्ता श्रीमती नितिशा वत्स, निवासी सिक्का किमाया ग्रीन, आईटी पार्क के घर पर घरेलू सहायिका (मेड) का काम करती थी।
इंस्टाग्राम पोस्ट ने खोला राज
चोरी का खुलासा तब हुआ जब कुछ दिन पहले शिकायतकर्ता के एक परिचित ने उन्हें एक इंस्टाग्राम आईडी दिखाई। इस आईडी पर विमला ने हीरे के हार के साथ अपनी फोटो लगा रखी थी, जो शिकायतकर्ता के खोए हुए हार से हूबहू मेल खाती थी। शक पुख्ता होने पर नितिशा वत्स ने 1 जुलाई 2026 को थाना राजपुर में लिखित तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 306 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जोहड़ी रोड से हुई गिरफ्तारी, ₹10 लाख का माल बरामद
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित राजपुर थाना पुलिस की टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। शुक्रवार यानि 3 जुलाई 2026 को पुलिस टीम ने आरोपी विमला को जोहड़ी रोड से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया एक हीरे का हार, एक सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का पेंडल तथा एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए जिनकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपए आंकी गई है । पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह महंगे आभूषणों को बेचने की फिराक में थी, लेकिन हीरे और सोने की सही कीमत व ग्राहक न मिलने के कारण वे बिक नहीं पाए थे।
सराहनीय कार्य और महज दो दिनों के भीतर घटना का सफल अनावरण करने पर एसएसपी देहरादून ने थानाध्यक्ष राजपुर पी.डी. भट्ट के नेतृत्व वाली पुलिस टीम जिसमें उपनिरीक्षक अनित कुमार, महिला उपनिरीक्षक ज्योति पवार, कांस्टेबल अमित, मोहित और एसओजी के हेड कांस्टेबल किरण कुमार शामिल थे को 2,500/- रुपए के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
Discover more from Lokjan Today
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Uttarakhand Latest News Portal
Section: अंग्रेजी | मनोरंजन | विदेश | देश | उत्तराखंड | राजनीति | स्पोर्ट्स | ट्रैवल | वीडियो
Latest News: Delhi | Himachal | Haryana | Punjab | Rajasthan | Bihar | Maharashtra | Uttar Pradesh | Madhya Pradesh | Jharkhand | Gujarat | Jammu and Kashmir
LokJan Today is your news, entertainment, music, and fashion website. We provide the latest breaking news and videos straight from Uttarakhand and other parts of India. Uttarakhand leading newspaper and online portal. We share information and breaking news about Dehradun, Nainital, Rishikesh, Haridwar, etc.
Contact us: editor@lokjantoday.com
