राजपुर थाना क्षेत्र में हुई हत्या की घटना का दून पुलिस ने मात्र 24 घंटे में किया खुलासा

Share your love

संवाददाता : करन सहगल

देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां रोड रेज की घटना ने एक निर्दोष बुजुर्ग की जान ले ली। मसूरी रोड पर मालसी के पास फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो सवार युवकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में फायरिंग शुरू हो गई। इसी दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले 74 वर्षीय मुकेश कुमार जोशी को गोली लग गई, जिनकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

बाइट: एसएसपी देहरादून

जानकारी के मुताबिक, गाड़ी को पास न देने को लेकर शुरू हुआ विवाद पीछा करने और फायरिंग तक पहुंच गया। स्कॉर्पियो सवार युवकों ने फॉर्च्यूनर के टायरों पर गोली चलाई, जबकि दूसरी ओर से भी जवाबी फायरिंग हुई। घटना के दौरान फॉर्च्यूनर वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया, जिसके बाद आरोपियों ने मारपीट भी की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मामले में हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह विवाद एक दिन पहले ZEN-Z बार में बिल को लेकर हुए झगड़े से शुरू हुआ था। उसी रंजिश में आरोपियों ने सुबह फायरिंग की घटना को अंजाम दिया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें बार संचालक भी शामिल है। मौके से अवैध तमंचे और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। वहीं, मुख्य आरोपी आदित्य चौधरी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.