​थाना डालनवाला पुलिस का अपराधियों पर रैपिड एक्शन, मोबाइल चोरी की घटना का 12 घंटे के भीतर खुलासा, आरोपी गिरफ्तार !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाया जा रहा रैपिड एक्शन लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली डालनवाला पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मोबाइल चोरी की एक घटना का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को वादी अंकित कुमार, पुत्र जयवीर सिंह, निवासी जगपुरा, बिजनौर, उत्तर प्रदेश (हाल निवासी- डी.एल. रोड, डालनवाला, देहरादून) ने थाना डालनवाला में तहरीर दी कि रात के समय किसी अज्ञात चोर ने उनके कमरे में घुसकर उनका और उनके साथी विकुल कुमार का मोबाइल फोन चोरी कर लिया है जिसके आधार पर कोतवाली डालनवाला में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।

चोरी की इस घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी देहरादून ने कोतवाली डालनवाला पुलिस को त्वरित कार्रवाई और अभियुक्त की गिरफ्तारी के कड़े निर्देश दिए। इसके बाद गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों के बारे में जानकारियां जुटाईं, अपने मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय करने के साथ-साथ सगन चेकिंग अभियान चलाया जिसके फलस्वरुप ​9 जुलाई 2026 को चैकिंग के दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने डी.एल. रोड नालापानी पुल के पास शमशान घाट के निकट से अभियुक्त अनुज कुमार उर्फ कातिया को चोरी के दोनों मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार कर लिया।

नशे की लत को पूरा करने के लिए की थी चोरी

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त अनुज कुमार उर्फ कातिया निवासी- अंबेडकर कॉलोनी, थाना डालनवाला, देहरादून ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी इसी लत को पूरा करने के लिए उसने इस चोरी की घटना को अंजाम दिया था। वह चोरी के इन मोबाइलों को कहीं बेचने की फिराक में घूम रहा था, लेकिन इससे पहले कि वह कामयाब हो पाता, दून पुलिस ने उसे धर दबोचा।

इस त्वरित और सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक सुबोध कुमार, कॉन्स्टेबल अमरीश कुमार, कॉन्स्टेबल सतेन्द्र कुमार एवं कॉन्स्टेबल सतेन्द्र कुमार शामिल थे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.