SGRR मेडिकल कॉलेज की पीजी छात्रा की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया उत्पीड़न का आरोप !

Share your love

लोकजन टुडे ब्यूरो

राजधानी देहरादून स्थित श्री गुरु राम राय मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाली एक पीजी छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया है। मामले में छात्रा के परिजनों ने कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पटेलनगर क्षेत्र में स्थित श्री गुरु राम राय मेडिकल कॉलेज की एमएस (नेत्र रोग) की छात्रा डॉ. तनवी मृत अवस्था में सड़क किनारे खड़ी अपनी कार में मिलीं। परिजनों के अनुसार, कार अंदर से लॉक थी और शीशा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें महंत इंद्रेश अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतका के पिता डॉ. ललित मोहन, निवासी अंबाला, ने कॉलेज की विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंका गुप्ता पर मानसिक, शैक्षणिक और आर्थिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनकी शिकायत के आधार पर पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।
शिकायत के मुताबिक, सितंबर 2023 से पढ़ाई कर रही छात्रा पिछले कुछ समय से तनाव में थी। आरोप है कि विभागाध्यक्ष बदलने के बाद उसे लगातार कम अंक दिए जा रहे थे और फेल करने की धमकी दी जा रही थी। साथ ही अतिरिक्त पैसे की मांग का भी आरोप लगाया गया है।


घटना से पहले छात्रा ने अपने पिता को फोन कर अपनी परेशानी बताई थी और घर आने का संदेश भी भेजा था, लेकिन इसके बाद संपर्क नहीं हो पाया। परिजन देहरादून पहुंचे और अस्पताल रोड पर खड़ी कार में उन्हें अचेत अवस्था में पाया। मौके से इंजेक्शन से जुड़ा सामान भी बरामद हुआ है।


अस्पताल प्रशासन के अनुसार, छात्रा मानसिक तनाव का इलाज भी ले रही थी और पहले आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि बेटियों की सुरक्षा को लेकर दावे तो किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है।

कांग्रेस ने भी इस मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी प्रवक्ता प्रतिमा सिंह ने कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर स्थिति चिंताजनक है और सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नहीं है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.