शिक्षित बेटियाँ अपने माता-पिता के साथ-साथ अपने पति के कुल का नाम भी रोशन करती: राज्यपाल बेबी रानी मौर्य

Share your love

देहरादून: राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने गुरूवार को कांवली रोड स्थित इन्द्रेश नगर में सौ महिलाओं को कंबल वितरित किये। राज्यपाल ने इस अवसर पर सेवा भारती संस्था के स्वास्थ्य केन्द्र का लोकार्पण भी किया। राज्यपाल ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें अपनी बेटियों को स्कूल अवश्य भेजना चाहिये।

उन्होंने कहा कि शिक्षित बेटियाँ अपने माता-पिता के साथ-साथ अपने पति के कुल का नाम भी रोशन करती हैं। राज्यपाल ने कन्या भू्रण हत्या को पाप एवं जघन्य अपराध बताते हुए महिलाओं से अपील की कि बेटी और बेटों में कभी अंतर न करें। बेटियाँ आज किसी से कम नहीं हैं। अपने स्वागत के लिये लाये गये फूलों के बुके देखकर राज्यपाल ने आयोजकों को नसीहत दी कि इनके स्थान पर उपस्थित बच्चों के लिए कुछ टाॅफियाँ-बिस्कुट इत्यादि लाने चाहिये थे।

उन्होंने महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह भी दी। उन्होंने सेवा भारती संस्था के स्वयं सेवियों को गरीब बस्तियों में स्वरोजगार से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने को भी कहा। राज्यपाल ने कहा कि यदि सामाजिक सेवा के कार्य में किसी को कोई समस्या हो तो उन्हें अवश्य बतायें। इससे पूर्व, राज्यपाल मौर्य ने महर्षि वाल्मीकि और बाबा साहब भीम राव आम्बेडकर के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर सेवा भारती संस्था के पदाधिकारी, समाजसेवी, प्रबुद्ध जन एवं स्थानीय निवासी उपस्थित थे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *