उत्तराखंड: संदिग्ध हालात में विवाहिता ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

Share your love

रिपोर्ट: मुकेश बछेती

पौड़ी: विकास खंड पाबौ के ग्राम पंचातय भट्टी स्थित ग्वाड़ीगाड गांव में एक विवाहिता ने पंखा लगाए जाने वाली छत की कुंडी से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पौड़ी भेज दिया है। जहां परिजनों की उपस्थिति पर बुधवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।

मामले में पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मृतक विवाहिता की मां ने ससुराल पक्ष की ओर से उत्पीड़न किए जाने की शिकायत की है। विकास खंड पाबौ के ग्राम पंचातय भट्टी स्थित ग्वाड़ीगाड गांव की विवाहिता रश्मि पोखरियाल (28वर्ष) पत्नी नागेंद्र पोखरियाल का शव घर के कमरे में छत पर पंखा लगाए जाने की कुंडी से चुनरी के फंदे से लटका मिला। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक वि‌वाहिता के पति ने घटना की सूचना दी।

परिजनो ने बताया कि रश्मि जब सुबह दस बजे तक कमरे से बाहर नहीं निकली तो किसी घटना की आशंका पर पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाली पौड़ी के पाबौ चौकी प्रभारी सूरत शर्मा ने बताया कि रश्मि का विवाह दिसंबर 2013 को नागेंद्र के साथ संपन्न हुआ था। उसका मायका पौड़ी ब्लाक में बाड़ा गांव है। दंपत्ति की कोई संतान भी नहीं है। नागेंद्र ‌प्राइवेट जॉब करता है, लेकिन विगत कुछ समय से वह गांव ही रह रहा था। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनाम भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पौड़ी भेज दिया है।

शर्मा ने बताया कि मृतक विवाहिता की मां को घटना की सूचना देने पर उन्होंने ससुराल पक्ष पर बेटी के उत्पीड़न की बात कही है। लेकिन अभी तक पुलिस को मामले में कोई तहरीर मायका पक्ष की ओर से नहीं दी गई है। उन्होंने बताया कि बुधवार को परिजनो की उपस्थिति में शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.