दून पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई: 15 लाख की अवैध कैटामाइन के साथ 2 नशा तस्कर गिरफ्तार !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

सीएम धामी के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और थाना सेलाकुई पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नशे के सौदागरों पर बड़ा प्रहार किया है। टीम ने 1.521 किलोग्राम अवैध कैटामाइन के साथ दो तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद कैटामाइन की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।

एसएसपी एसटीएफ eने बताया कि एएनटीएफ को क्षेत्र में नशा तस्करी की पुख्ता सूचना (इनपुट) मिली थी। इस पर एसटीएफ और सेलाकुई थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से सेलाकुई क्षेत्र में घेराबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक जुपिटर स्कूटी को रोककर तलाशी ली गई, जिसकी डिक्की से संदिग्ध पदार्थ बरामद हुआ।​मौके पर मौजूद औषधि निरीक्षक (Drug Inspector) ने बरामद पदार्थ की जांच कर उसकी पहचान ‘कैटामाइन’ के रूप में की।

प्रारंभिक पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्तों शुभम कुमार, पुत्र राजेश कुमार निवासी जमनपुर, सेलाकुई तथा अंकित तिवारी पुत्र दिनेश मूल निवासी नगला कल्लू, शाहाबाद देहात, जनपद हरदोई उत्तर प्रदेश तथा हाल निवासी सेलाकुई ने खुलासा किया कि वे इस अवैध ड्रग को खैरी गांव स्थित बर्थवाल के आम के बगीचे के पास एक अज्ञात व्यक्ति को सप्लाई करने जा रहे थे।

पुलिस पूछताछ के आधार पर इस पूरे ड्रग नेटवर्क, इसके मुख्य सोर्स और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए गहन जांच कर रही है।​ पकड़े गए अभियुक्तों के खिलाफ थाना सेलाकुई में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस प्रशासन की अपील

एसएसपी एसटीएफ ने आम जनता से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और किसी भी तरह के लालच में आकर मादक पदार्थों की तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में न पड़ें। उन्होंने कहा कि यदि किसी को भी नशा तस्करी या अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या एसटीएफ/एएनटीएफ उत्तराखंड को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

एसटीएफ/एएनटीएफ संपर्क नंबर: 0135-2656202, 9412029536

दोनों अभियुक्तों की धरपकड़ करने वाली पुलिस टीम में एसटीएफ / एएनटीएफ टीम से निरीक्षक यादवेन्द्र सिंह बाजवा, ड्रग्स निरीक्षक विनोद जगूड़ी, उपनिरीक्षक कमाल हसन, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, अपर उपनिरीक्षक योगेन्द्र चौहान, हेड कांस्टेबल मनमोहन, कांस्टेबल रवि पंत, कांस्टेबल प्रशांत चौहान, कांस्टेबल दीपक चन्दोला, एवं कांस्टेबल दीपक नेगी शामिल थे।
इसके साथ ही थाना सेलाकुई से एसएसआई विवेक भंडारी एवं कांस्टेबल सोहन शामिल थे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.