उत्तराखंड चुनाव: भाजपा का 65 पार का लक्ष्य, कांग्रेस ने पांच स्तरीय संगठन को बताया अपनी ताकत!
Share your love

लोकजन टुडे, शीतल सकलानी
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने अपनी-अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा जहां लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लिए 65 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य लेकर चल रही है, वहीं कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की रणनीति के साथ चुनावी मैदान में उतरने की बात कही है। दोनों दलों के नेताओं के बीच चुनावी तैयारियों और जीत के दावों को लेकर बयानबाजी भी शुरू हो गई है।
हरिद्वार में आयोजित भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। बैठक के बाद भाजपा नेताओं ने संगठन की मजबूती और सरकार के कामकाज को आगामी चुनाव में जीत का आधार बताया।
इधर, कांग्रेस प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी ने भाजपा के बूथ स्तर पर चुनावी तैयारियों के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी चुनाव को लेकर संगठनात्मक स्तर पर लगातार काम कर रही है। पार्टी की तैयारी केवल बूथ तक सीमित नहीं है, बल्कि पांच स्तरों पर संगठन को मजबूत किया जा रहा है। इसके तहत बूथ, मंडल, ब्लॉक और जिला स्तर पर काम के साथ ग्राम कांग्रेस और वार्ड कांग्रेस कमेटियों का गठन भी किया जा रहा है।
भाजपा के पन्ना स्तर तक संगठन को मजबूत करने के दावे पर तंज कसते हुए भंडारी ने कहा कि कांग्रेस की पांच स्तरीय संगठनात्मक तैयारी आगामी चुनाव में पार्टी को मजबूती देगी। उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस की जीत का भरोसा भी जताया।
वहीं भाजपा महामंत्री कुंदन परिहार ने हरिद्वार में हुई कार्यसमिति की बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। साथ ही केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन भी मिला।
परिहार ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए दावा किया कि सरकार ने समाज के अलग-अलग वर्गों के हित में काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता पूरी मेहनत और मजबूती के साथ चुनाव की तैयारी में जुटेंगे और पार्टी 65 पार के लक्ष्य को हासिल करेगी।
फिलहाल भाजपा अपने संगठन और सरकार के कामकाज के दम पर लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने का दावा कर रही है, जबकि कांग्रेस पांच स्तरीय संगठनात्मक ढांचे को अपनी ताकत बता रही है। चुनाव में अभी वक्त है, लेकिन दोनों प्रमुख दलों के बयानों से साफ है कि प्रदेश में सियासी मुकाबले की जमीन तैयार होने लगी है।
Discover more from Lokjan Today
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Uttarakhand Latest News Portal
Section: अंग्रेजी | मनोरंजन | विदेश | देश | उत्तराखंड | राजनीति | स्पोर्ट्स | ट्रैवल | वीडियो
Latest News: Delhi | Himachal | Haryana | Punjab | Rajasthan | Bihar | Maharashtra | Uttar Pradesh | Madhya Pradesh | Jharkhand | Gujarat | Jammu and Kashmir
LokJan Today is your news, entertainment, music, and fashion website. We provide the latest breaking news and videos straight from Uttarakhand and other parts of India. Uttarakhand leading newspaper and online portal. We share information and breaking news about Dehradun, Nainital, Rishikesh, Haridwar, etc.
Contact us: editor@lokjantoday.com
