हरिद्वार के कथित जमीन घोटाले की जांच में भी आया था नाम, अब हल्द्वानी में रिश्वत मांगने के आरोप में कानूनगो निलंबित; पुराने रिकॉर्ड की जांच की उठी जरूरत!
Share your love
लोकजन टुडे, शीतल सकलानी
हल्द्वानी। सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार और जवाबदेही को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में जमीन के सीमांकन के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप में राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) रमेश चंद्र को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने निलंबित कर दिया है। खास बात यह है कि संबंधित कर्मचारी का नाम इससे पहले हरिद्वार नगर निगम की जमीन से जुड़े करोड़ों रुपये के कथित घोटाले की जांच के दौरान भी सामने आया था। अब हल्द्वानी में नया मामला सामने आने के बाद उनके पुराने कार्यकाल और शिकायतों की जांच का मुद्दा भी महत्वपूर्ण हो गया है।
पूर्व सैनिक से रिश्वत मांगने का आरोप
ताजा मामला हल्द्वानी के हिम्मतपुर तल्ला का है। यहां पूर्व सैनिक तनोज तिवारी ने अपनी जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत की थी। जमीन का सीमांकन कराने के लिए उन्होंने राजस्व विभाग से संपर्क किया। शिकायत के मुताबिक, सीमांकन और कार्रवाई के नाम पर पहले 9,700 रुपये और बाद में 50 हजार रुपये मांगे गए। शिकायत प्रशासन तक पहुंचने के बाद एसडीएम स्तर पर प्रारंभिक जांच कराई गई। जांच में शिकायत के आरोपों की पुष्टि होने के बाद डीएम ने कानूनगो रमेश चंद्र को निलंबित करने के आदेश जारी किए।
हरिद्वार में भी जांच के दायरे में आया था नाम
इस मामले को इसलिए भी गंभीरता से देखा जा रहा है क्योंकि रमेश चंद्र का नाम पूर्व में हरिद्वार नगर निगम की जमीन से जुड़े करोड़ों रुपये के कथित घोटाले की जांच में भी सामने आया था। संबंधित मामले की जांच के दायरे में आने के बाद उनका हल्द्वानी तबादला किया गया था। ऐसे में अब हल्द्वानी में रिश्वत मांगने की शिकायत सामने आने के बाद उनके पूर्व कार्यकाल के रिकॉर्ड और उस दौरान मिली शिकायतों की पड़ताल जरूरी हो जाती है।
सिर्फ निलंबन नहीं, पुराने रिकॉर्ड की भी हो जांच
अब सवाल यह है कि क्या विभागीय कार्रवाई केवल मौजूदा शिकायत तक सीमित रहेगी या हरिद्वार में उनकी पिछली तैनाती के दौरान सामने आए मामलों और शिकायतों की भी विस्तृत जांच होगी? प्रशासन की ओर से संबंधित कर्मचारी के पुराने कार्यकाल की रिपोर्ट मंगाने की बात भी सामने आई है। ऐसे में निष्पक्ष जांच के जरिए यह स्पष्ट होना चाहिए कि पूर्व में सामने आई शिकायतों में कितनी सच्चाई थी और क्या किसी मामले में उनकी जिम्मेदारी तय हुई थी।
सरकारी पद पर रहते हुए जनता से जुड़े जमीन और राजस्व मामलों में पारदर्शिता बेहद जरूरी है। ऐसे मामलों में केवल निलंबन पर्याप्त नहीं माना जा सकता, बल्कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की विभागीय और कानूनी कार्रवाई भी होनी चाहिए।

Uttarakhand Latest News Portal
Section: अंग्रेजी | मनोरंजन | विदेश | देश | उत्तराखंड | राजनीति | स्पोर्ट्स | ट्रैवल | वीडियो
Latest News: Delhi | Himachal | Haryana | Punjab | Rajasthan | Bihar | Maharashtra | Uttar Pradesh | Madhya Pradesh | Jharkhand | Gujarat | Jammu and Kashmir
LokJan Today is your news, entertainment, music, and fashion website. We provide the latest breaking news and videos straight from Uttarakhand and other parts of India. Uttarakhand leading newspaper and online portal. We share information and breaking news about Dehradun, Nainital, Rishikesh, Haridwar, etc.
Contact us: editor@lokjantoday.com
