उत्तराखंड में 2027 चुनाव को लेकर भाजपा-कांग्रेस ने दिखाई ताकत, देहरादून में कांग्रेस की बैठक तो हरिद्वार में राजनाथ सिंह ने दिया जीत का मंत्र!

Share your love

लोकजन टुडे, शीतल सकलानी

देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। रविवार को प्रदेश की दोनों प्रमुख पार्टियों ने अपनी-अपनी चुनावी तैयारियों और रणनीति को लेकर सक्रियता दिखाई। देहरादून में कांग्रेस की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हुई, जिसमें वरिष्ठ नेताओं ने एकजुट होकर चुनाव लड़ने का संदेश दिया। वहीं हरिद्वार में भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल हुए। भाजपा ने इस दौरान 2027 के विधानसभा चुनाव में 65 से अधिक सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने का संकल्प दोहराया।

कांग्रेस की बैठक प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन की मजबूती और पार्टी की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक के बाद नेताओं ने एकजुटता दिखाते हुए कहा कि कांग्रेस 2027 का चुनाव मिलकर लड़ेगी।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि सभी नेता एक साथ मिलकर चुनाव मैदान में उतरेंगे। उन्होंने हरीश रावत को पार्टी का वरिष्ठ नेता बताते हुए कहा कि हर नेता की अपनी भूमिका है। वहीं प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश में युवा और महिलाएं बदलाव चाहती हैं और कांग्रेस का लक्ष्य उत्तराखंड में सरकार बनाना है।

हरिद्वार में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, राजनाथ सिंह ने किया कार्यकर्ताओं को संबोधित

दूसरी ओर हरिद्वार में भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित हुई। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शिरकत कर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों और चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई। भाजपा प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। पार्टी ने 65 पार के लक्ष्य को हासिल करने के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से जुटने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी जीत के संकल्प के साथ काम करने का आह्वान किया।

दोनों दलों के सामने संगठन और टिकट चयन की चुनौती

2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और भाजपा दोनों के सामने अपने संगठन को मजबूत रखने की चुनौती है। कांग्रेस के लिए वरिष्ठ नेताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखना अहम होगा, वहीं भाजपा के सामने मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन और संभावित प्रत्याशियों को लेकर सही फैसला लेने की चुनौती रहेगी। कांग्रेस में भी अलग-अलग विधानसभा सीटों पर दावेदारों की सक्रियता बढ़ रही है।

कुल मिलाकर रविवार को हुई दोनों दलों की बैठकों ने उत्तराखंड की चुनावी राजनीति का माहौल गर्म कर दिया है। कांग्रेस ने एकजुटता के जरिए सत्ता में वापसी का संदेश दिया, तो भाजपा ने 65 पार के लक्ष्य के साथ अपनी चुनावी तैयारी का दम दिखाया। अब इन बैठकों में बनी रणनीति को दोनों दल किस तरह जमीन पर उतारते हैं, यह देखना अहम होगा।