उत्तराखंड: खाई में गिरी बोलरो, मां-बेटे समेत तीन की दर्दनाक मौत, आठ घायल

Share your love

भीमताल: विकासखंड ओखलकांडा के डालकन्या में एक बोलेरो के गहरी खाई में गिरने से उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई और आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक महिला और उसका बेटा तथा वाहन चालक शामिल है। घायलोंं को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओखलकांडा में भर्ती कराया गया।

रविवार को बोलेरो संख्या यूके 04 टीए 8107 हल्द्वानी से सवारियां लेकर डालकन्या जा रही थी। अपराह्न तीन बजे डालकन्या के समीप चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और वाहन गहरी खाई में गिर गया। वाहन के गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण में मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। हादसे की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गयी।

इस हादसे में 29 वर्षीय गोमती देवी पत्नी त्रिलोक सिंह निवासी ग्राम सलोड़ी जिला चम्पावत, उसके पांच वर्षीय बेटे गौरव और वाहन चालक महेश आर्य पुत्र प्रताप राम निवासी गौनियारो ओखलकांडा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में त्रिलोक सिंह, उसका सात वर्षीय पुत्र राजदीप निवासी सलोड़ी जनपद चम्पावत और गौनियारो निवासी मोहन सिंह, विनोद, जगदीश, और ल्वार डोबा निवासी हयात, महिपाल और जगदीश आर्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओखलकांडा में भर्ती कराया गया है। वाहन हल्द्वानी से सवारियां लेकर डालकन्या जा रहा था।

बताया जा रहा है मृतका गोमती देवी पति त्रिलोक सिंह व अपने दो पुत्रों गौरव और राजदीप के साथ अपने मायके जा रही थी। हादसे में गोमती देवी और उसके एक बेटे गौरव की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर विधायक राम सिंह कैड़ा मौके पर पहुंचे और राजस्व विभाग को घटना की सूचना दी। राजस्व निरीक्षक मोहमद शकील और कानूनगो नारायण वर्मा भी घटना स्थल पहुंचे और विधायक के साथ एंबुलेंस द्वारा घायलों को चिकित्सालय पहुंचाया। इधर विधायक कैड़ा ने बताया कि मृतकों का पोस्टमार्टम ओखलकांडा में ही कराया जा रहा है। गंभीर रूप से घायलोंं को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों द्वारा हल्द्वानी रेफर किया गया है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.