बद्रीनाथ से उड़ान भरने के बाद हेलीकॉप्टर लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन तेज!

Share your love

लोकजन टुडे, देहरादून/ चमोली

उत्तराखंड में एक बार फिर हेलीकॉप्टर की सुरक्षा और हवाई सेवाओं को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। बद्रीनाथ धाम से सहस्रधारा के लिए उड़ान भरने वाला ट्रांसभारत एविएशन का एक चार्टर हेलीकॉप्टर जोशीमठ वैली के आसपास लापता हो गया है। हेलीकॉप्टर ने दोपहर 1 बजकर 14 मिनट पर बद्रीनाथ से उड़ान भरी थी, लेकिन जोशीमठ वैली पार करने के बाद उससे संपर्क टूट गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार बताए जा रहे हैं, जिनमें पांच यात्री बेंगलुरु के निवासी हैं। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, SDRF, मेडिकल टीम और सेना की यूनिट को रेस्क्यू के लिए रवाना किया गया है। वहीं एहतियात के तौर पर ट्रांसभारत एविएशन के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े को ग्राउंड कर दिया गया है।

प्रतीक जैन, CEO UCADA

हेलीकॉप्टर हादसे की आशंका के बीच प्रशासन और रेस्क्यू एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बद्रीनाथ धाम से सहस्रधारा के लिए रवाना हुआ चार्टर हेलीकॉप्टर जोशीमठ वैली के आसपास आखिरी बार ट्रैक किया गया था। इसके बाद न तो हेलीकॉप्टर की लोकेशन मिल पाई है और न ही पायलट से कोई संपर्क हो सका है।

सूचना मिलते ही चमोली जिला प्रशासन, SDRF, मेडिकल टीम और सेना की एक यूनिट को संभावित घटनास्थल की ओर रवाना किया गया। इसके साथ ही हवाई सर्वे के लिए एक अन्य हेलीकॉप्टर भी भेजा गया है, ताकि लापता हेलीकॉप्टर की लोकेशन का पता लगाया जा सके और रेस्क्यू ऑपरेशन को आगे बढ़ाया जा सके।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.