जौनसार-बावर के शिक्षक विनोद कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में छात्र सन्नी ने राष्ट्रीय स्तर पर किया क्षेत्र का नाम रोशन !

Share your love

लोकजन टुडे ब्यूरो

जौनसार-बावर के शिक्षक विनोद कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में छात्र सन्नी ने राष्ट्रीय स्तर पर किया क्षेत्र का नाम रोशन


जौनसार-बावर क्षेत्र के चकराता विकासखंड अंतर्गत ग्राम सभा लाखामंडल के मूल निवासी एवं शिक्षक श्री विनोद कुमार शर्मा (पुत्र श्री बालकराम शर्मा) द्वारा छात्रों को दी जा रही कला-शिक्षा ने एक बार फिर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। उनके मार्गदर्शन में पढ़ रहे छात्र मास्टर सन्नी, पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, हरिद्वार ने वीरगाथा 5.0 के अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता में राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किया है।


यह प्रतियोगिता देश-विदेश के सीबीएसई से संबद्ध विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई थी, जिसमें लगभग 1 करोड़ 90 लाख छात्रों ने भाग लिया। प्रतियोगिता को चार श्रेणियों—लेखन, भाषण, कविता एवं चित्रकला—में विभाजित किया गया था। इन सभी श्रेणियों में से चयनित 100 प्रतिभाशाली छात्रों को वीरगाथा 5.0 पुरस्कार से सम्मानित किया गया।


सम्मान समारोह में जयंत चौधरी, केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं उद्यमिता तथा शिक्षा राज्य मंत्री, एवं श्री संजय सेठ, माननीय रक्षा राज्य मंत्री द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर तीनों सेनाओं के सेनाध्यक्ष—थलसेना, वायुसेना, जलसेना—सीडीएस तथा रक्षा सचिव भी उपस्थित रहे।


शिक्षक विनोद कुमार शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में छात्र सन्नी ने न केवल अपने विद्यालय, बल्कि पूरे उत्तराखंड राज्य और जौनसार-बावर क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। इस उपलब्धि से गांव और क्षेत्र में खुशी व गर्व का माहौल है।


इस अवसर पर श्री विनोद कुमार शर्मा ने कहा कि छात्र सन्नी बहुमुखी प्रतिभा का धनी है और निरंतर अभ्यास से वह और भी ऊँचाइयाँ छुएगा।


विद्यालय के प्राचार्य सुनीत कुमार गुप्ता एवं उप-प्राचार्य श्री लाजपत सिंह ने कहा कि योग्य शिक्षक के मार्गदर्शन में छात्र किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.