कोतवाली कैंट पुलिस की तत्परता और मुस्तैदी लाई रंग, महज 2 घंटे में 5 साल की मासूम को ढूंढकर परिजनों के चेहरे पर लौटाई मुस्कान !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

देहरादून। दून पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता का एक बेहतरीन उदाहरण कोतवाली कैंट क्षेत्र में देखने को मिला, जहां पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मुस्तैदी दिखाते हुए रास्ता भटकी 5 वर्ष की मासूम बच्ची को महज 2 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के इस सराहनीय और मानवीय कार्य की स्थानीय जनता द्वारा जमकर प्रशंसा की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रेमपुर माफी बाल्मीकि मंदिर (देहरादून) निवासी पवन कुमार ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी 5 वर्षीय पुत्री रिधिका अचानक कहीं लापता हो गई है। मामला एक मासूम बच्ची की सुरक्षा से जुड़ा था, इसलिए कोतवाली कैंट पुलिस ने इसे अत्यंत गंभीरता से लिया और बिना एक पल गवांए तुरंत एक विशेष पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने बिना कोई ढिलाई बरते इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया। टीम द्वारा आसपास के सीसीटीवी कैमरों का गहनता से अवलोकन किया गया और संभावित रास्तों पर तलाशी ली गई। पुलिस की इसी सटीक रणनीति और दिन-रात तत्पर रहने की कार्यशैली के बल पर बच्ची को महज 2 घंटे के भीतर जामुनवाला क्षेत्र से पूरी तरह सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

पूछताछ में पता चला कि मासूम रिधिका दुकान पर सामान लेने गई थी, लेकिन लौटते समय रास्ता भटक जाने के कारण अपने घर वापस नहीं पहुंच पाई थी। पुलिस ने जब बच्ची को सकुशल उसके परिजनों को सौंपा, तो परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए और उन्होंने कैंट पुलिस की इस त्वरित व संवेदनशील कार्रवाई का दिल से आभार व्यक्त किया।

मासूम को सकुशल ढूंढ निकालने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक खगोती घुनियाल, कॉन्स्टेबल केदारनाथ गोस्वामी एवं कॉन्स्टेबल सर्वेश कुमार शामिल थे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.