खाकी पर ‘रंगबाज़’ का चोला: उधम सिंह नगर का ‘रील स्टार’ इंस्पेक्टर, जिसके आगे सिस्टम भी नतमस्तक !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

खबर छुपाएगा नहीं छापेगा (भाग-1)

देहरादून/उधम सिंह नगर: सिनेमा के पर्दे पर आपने प्रकाश झा या रोहित शेट्टी की फिल्मों में कई ऐसे किरदार देखे होंगे, जहाँ वर्दी पहना अफसर कानून से ऊपर उठकर अपनी खुद की ‘समानांतर सरकार’ चलाने लगता है। लेकिन क्या आपने कभी किसी ऐसे सरकारी पुलिस अफसर की कल्पना की है, जिसके लिए राज्य का कोई कानून मायने नहीं रखता? जिसके ठाट-बाट, आबो-हवा और रंगबाज़ी के आगे बड़े-बड़े सूरमा भी पानी भरते नजर आएं?

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के एक बेहद मलाईदार थाने में तैनात एक इंस्पेक्टर साहब इन दिनों इसी ‘फिल्मी विलेन’ वाली जिंदगी को हकीकत में जी रहे हैं।

सरकारी महकमे में तो अब दबी ज़ुबान में यह तंज भी कसा जाने लगा है कि साहब का कैडर मानो पूरा ‘उत्तराखंड राज्य’ न होकर सिर्फ ‘उधम सिंह नगर जिला’ ही बनकर रह गया है। नियम-कायदों की किताबों में तबादले और फेरबदल की चाहें कितनी ही धाराएं लिखी हों, लेकिन ये साहब पिछले कई वर्षों से इसी एक जिले की मलाईदार पोस्टिंग पर फेवीकोल की तरह जमे हुए हैं। खाकी वर्दी का ऐसा बेजा इस्तेमाल और एक ही जगह साम्राज्य स्थापित कर लेना, किसी आम पुलिसवाले के बस की बात तो बिल्कुल नहीं लगती।

फेसबुक पर लाखों की फॉलोइंग और रीलबाज़ी का टैलेंट

कहने को तो ये साहब सरकार से महीने की फिक्स तनख्वाह पाने वाले एक अदने से पुलिस कर्मचारी हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर इनका स्वैग किसी बड़े सेलिब्रिटी या इन्फ्लुएंसर से भी दो कदम आगे है।

फेसबुक पर लाखों की फॉलोइंग रखने वाले ये ‘रील स्टार’ इंस्पेक्टर साहब दिन-रात अपने भौकाल का प्रदर्शन करते रहते हैं।

महंगी और लग्जरी गाड़ियों का काफ़िला, 5 लाख रुपये की स्पोर्टी सुपरबाइक, ब्रांडेड और महंगे जूते-कपड़े, और साथ में टौगदार अंदाज़! इनकी रीलें जैसे ही सोशल मीडिया पर धड़ाधड़ अपलोड होती हैं, वैसे ही देखने वालों की आँखें फटी की फटी रह जाती हैं। रील में इनका अंदाज़ ऐसा होता है मानो किसी मसाला फिल्म का कोई बाहुबली इंस्पेक्टर अपनी दबंगई और हनक से पूरे इलाके को डरा रहा हो।

कौन है यह ‘रील स्टार’ और क्या है इसका असली मायाजाल ?

सवाल यह उठता है कि एक मामूली सरकारी तनख्वाह पर काम करने वाले पुलिस इंस्पेक्टर के पास इतनी अंधी दौलत, 5 लाख की बाइक, लग्जरी गाड़ियाँ और फिल्मी हीरो जैसी जीवनशैली कहाँ से आ रही है? क्या खाकी की आड़ में कोई ऐसा काला साम्राज्य चल रहा है जिसकी भनक आला अधिकारियों को भी नहीं है? या फिर अधिकारी सब कुछ जानकर भी अनजान बने बैठे हैं?

इलाके के लोग अब कानाफूसी कर रहे हैं कि यह सिर्फ रीलबाज़ी का शौक नहीं है, बल्कि इसके पीछे छुपा है अकूत काली कमाई, अवैध कारोबार और संगीन शिकायतों का एक ऐसा मकड़जाल, जिसने पूरे पुलिस महकमे की साख पर बट्टा लगा दिया है।

यह तो बस शुरुआत है… खाकी के इस ‘रंगबाज़’ के काली कमाई के साम्राज्य, उसके द्वारा बनाए गए आलीशान अड्डों और उसकी निजी जिंदगी के ऐसे-ऐसे सनसनीखेज सच हैं, जिन्हें सुनकर आप हैरान रह जाएँगे।

आखिर कौन है यह ‘रील स्टार’ इंस्पेक्टर? खनन से लेकर रिसॉर्ट तक कहाँ-कहाँ फैला है इसका मायाजाल? जानने के लिए जुड़े रहिए हमारी अगली रिपोर्ट (भाग-2) के साथ…


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.