एसएसपी देहरादून के कुशल नेतृत्व में एसओजी देहरादून और क्लेमेंटटाउन पुलिस की संयुक्त टीम ने ब्लाइंड मर्डर का महज़ 48 घंटे में किया खुलासा !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

बाइट: एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोभाल

एसएसपी देहरादून के सटीक मार्गदर्शन और क्लेमेंट टाउन थाना पुलिस व एसओजी की मुस्तैद कार्यप्रणाली के चलते दून पुलिस ने सुभाष नगर में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी और उत्कृष्ट सुरागकसी का परिचय देते हुए मुख्य अभियुक्त को आलाकत्ल के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

क्या था पूरा मामला?

गत 21 सितंबर 2026 को क्लेमेंटटाउन थाना पुलिस को 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि सुभाषनगर निवासी 26 वर्षीया काजल की गोली लगने से मौत हो गई है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष क्लेमेंटटाउन द्वारा पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षणकिया गया एवं फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य एकत्रित कराए गए।

मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर क्लेमेंटटाउन पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया।

घटना के तुरंत बाद अभियुक्त फोन बंद कर फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने तत्काल क्लेमेंट टाउन पुलिस और एसओजी (SOG) की एक संयुक्त टीम का गठन किया।अभियुक्त का कोई स्थाई ठिकाना न होने और मोबाइल बंद होने के कारण यह मामला बेहद चुनौतीपूर्ण था। हालांकि, क्लेमेंट टाउन पुलिस और एसओजी की त्वरित कार्यशैली और मजबूत मुखबिर तंत्र के बल पर 23 सितंबर 2026 को वांछित अभियुक्त धीरज पंवार उर्फ लल्लू निवासी मुजफ्फरनगर, यूपी) को क्लेमेंटटाउन क्षेत्र से दबोच लिया गया।

पुलिस की कड़ी पूछताछ और अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और वारदात के समय पहनी गई खून से सनी शर्ट बरामद कर ली गई है।

पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि पिछले कुछ समय से पत्नी से विवाद चल रहा था और पत्नी द्वारा तलाक की तैयारी किए जाने की जानकारी मिलने पर उसने हत्या की साजिश रची। अभियुक्त सहारनपुर से तमंचा खरीदकर लाया था और सुबह मौका पाकर सो रही पत्नी को गोली मारकर फरार हो गया था।

उक्त ब्लाइंड मर्डर का 48 घंटे में खुलासा करने वाले पुलिस टीम में ​थाना क्लेमेनटाउन पुलिस टीम से थानाध्यक्ष क्लेमेंट टाउन उपनिरीक्षक लोकपाल परमार, चौकी प्रभारी आशारोड़ी उपनिरीक्षक विवेक भंडारी, हैड कॉन्स्टेबल धनवीर सिंह, हैड कॉन्स्टेबल राजीव कुमार एवं कॉन्स्टेबल ईदु खान शामिल थे।

वहीं एसओजी देहरादून में उपनिरीक्षक धनीराम पुरोहित, हैड कॉन्स्टेबल किरण, कॉन्स्टेबल आशीष राठी एवं कॉन्स्टेबल मनोज सुंदरियाल शामिल थे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.