रुद्रप्रयाग पुलिस परिवार ने एसपी अक्षय प्रल्हाद कोंडे को दी भावपूर्ण विदाई !
Share your love
लोकजन टुडे ब्यूरो

कर्मठता और कुशल नेतृत्व की मिसाल – रुद्रप्रयाग पुलिस परिवार ने दी एसपी अक्षय प्रल्हाद कोंडे को भावपूर्ण विदाई।
आज जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस कार्यालय के प्रांगण में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। जनपद के पुलिस अधीक्षक श्री अक्षय प्रल्हाद कोंडे के पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ के पद पर स्थानांतरण होने पर समस्त पुलिस परिवार द्वारा उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। 7 सितम्बर 2024 को जनपद की कमान संभालने वाले श्री कोंडे ने अपने 1 वर्ष 5 माह और 7 दिनों के कार्यकाल में न केवल कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि अपनी कार्यशैली से अधीनस्थों के दिलों में भी अमिट छाप छोड़ी है।
कोंडे के नेतृत्व में वर्ष 2024 की केदारनाथ यात्रा का द्वितीय चरण और वर्ष 2025 की सम्पूर्ण केदारनाथ धाम यात्रा सुव्यवस्थित व सुरक्षित ढंग से सम्पन्न हुई। यात्रा प्रबंधन में उनकी दूरदर्शिता का प्रमाण टोकन सिस्टम रहा, जिसने पीक सीजन के दौरान भी भीड़ को नियंत्रित कर श्रद्धालुओं के दर्शन को सुगम बनाया। केदारनाथ धाम की पवित्रता को अक्षुण्ण रखने हेतु उनके द्वारा लिया गया ऐतिहासिक निर्णय, गुप्तकाशी से केदारनाथ तक मांस-मीट के परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध, जनता की भावनाओं के प्रति उनके सम्मान को दर्शाता है। इस अभियान के तहत करीब 380 किग्रा अवैध मांस का विनष्टीकरण कर उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि धार्मिक आस्था के साथ कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
जवानों के अभिभावक के रूप में कार्य
विदाई के पलों में पुलिस बल के जवानों ने भावुक होते हुए साझा किया कि श्री कोंडे केवल एक कप्तान नहीं, बल्कि एक अभिभावक की भांति रहे। यात्रा मार्ग के दुर्गम पड़ावों केदारनाथ सहित भीमबली और गौरीकुण्ड में पुलिस बल की बुनियादी सुविधाओं, स्थायी आवास और रसद की उपलब्धता के लिए उन्होंने स्वयं कई बार पैदल ट्रैकिंग की। भीषण ठंड और विषम परिस्थितियों में ड्यूटी कर रहे जवानों के बीच पहुंचकर उनका मनोबल बढ़ाना और मौके पर ही कमियों को दूर करना उनकी कार्यप्रणाली का मुख्य हिस्सा रहा।
तकनीकी प्रहार – साइबर कम्बैट फोर्स का गठन
अपराध जगत में तकनीकी सेंधमारी को रोकने के लिए श्री कोंडे ने साइबर कम्बैट फोर्स जैसा नवाचार किया। पुलिस टीम ने स्वयं ग्राहक बनकर ठगों को उनके ही जाल में फंसाया, जिसके परिणामस्वरूप 104 साइबर अपराधियों के मोबाइल नंबर ब्लॉक किए गए और उनके बैंक खाते फ्रीज किए गए। हेलीकॉप्टर टिकटों की कालाबाजारी और ओवररेटिंग करने वालों के खिलाफ उनकी सख्त कार्रवाई ने चारधाम यात्रा की छवि को और अधिक स्वच्छ बनाया।
विदाई समारोह के दौरान पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी श्री विकास पुण्डीर ने कप्तान साहब के साथ बिताए चुनौतीपूर्ण लेकिन गौरवशाली पलों को याद किया। उन्होंने कहा कि कप्तान साहब का अनुशासन और समयबद्धता हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी। समारोह के अंत में श्री अक्षय प्रल्हाद कोंडे को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। यह विदाई केवल एक पद का हस्तांतरण नहीं, बल्कि एक ऐसे नेतृत्व का सम्मान था जिसने मित्रता, सेवा, सुरक्षा के मंत्र को धरातल पर चरितार्थ किया।
पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे ने अपने सम्बोधन में कहा कि उनका कैरियर गोल था कि उनकी इस जिले में नियुक्ति हो, यहां पर नियुक्ति होने से उनके कर्तव्य निर्वहन के साथ ही अलग-अलग स्थानों पर ट्रैकिंग का मौका भी मिला है। केदारनाथ धाम यात्रा अवधि में हरेक अधीनस्थ पुलिस बल ने पूर्ण मेहनत और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन किया गया है। स्थानान्तरण एक रूटीन प्रक्रिया है तथा सभी को आने वाले अधिकारी के साथ भी इसी प्रकार से पूर्ण मनोयोग के साथ कर्तव्य निर्वहन करने के निर्देश दिये गये।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी विकास पुण्डीर, प्रतिसार निरीक्षक कैलाश शर्मा, एसएचओ रुद्रप्रयाग सुरेश बलूनी, एसएचओ सोनप्रयाग राकेन्द्र कठैत, एसएचओ गुप्तकाशी राकेश कुमार, एसएचओ अगस्त्यमुनि गुमान सिंह, निरीक्षक एलआईयू मनोज बिष्ट, वाचक ठाकुर सिंह रावत, प्रभारी आशुलिपिक नरेन्द्र सिंह सहित जनपद के समस्त शाखा प्रभारी, थाना प्रभारी एवं पुलिस कार्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।
Discover more from Lokjan Today
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Uttarakhand Latest News Portal
Section: अंग्रेजी | मनोरंजन | विदेश | देश | उत्तराखंड | राजनीति | स्पोर्ट्स | ट्रैवल | वीडियो
Latest News: Delhi | Himachal | Haryana | Punjab | Rajasthan | Bihar | Maharashtra | Uttar Pradesh | Madhya Pradesh | Jharkhand | Gujarat | Jammu and Kashmir
LokJan Today is your news, entertainment, music, and fashion website. We provide the latest breaking news and videos straight from Uttarakhand and other parts of India. Uttarakhand leading newspaper and online portal. We share information and breaking news about Dehradun, Nainital, Rishikesh, Haridwar, etc.
Contact us: editor@lokjantoday.com
