उत्तराखंड में सड़क हादसों पर PM मोदी, CM धामी और राहुल गांधी ने जताया दुख, घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना!

Share your love

लोकजन टुडे, शीतल सकलानी

देहरादून। उत्तराखंड में मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसों ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। टिहरी गढ़वाल के गूलर में यात्रियों से भरी बस के खाई में गिरने और रुद्रप्रयाग समेत अन्य क्षेत्रों में हुई दुर्घटनाओं में लोगों की जान गई है। हादसों की खबर सामने आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दुख जताया है।

टिहरी जिले के गूलर बाजार के पास मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे हरिद्वार से जोशीमठ जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 26 यात्री घायल हुए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टिहरी गढ़वाल में हुए हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।

वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गूलर के अलावा रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ क्षेत्र और टिहरी की दोगी पट्टी के बांसकाटल में हुई सड़क दुर्घटनाओं पर दुख जताया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

गूलर बस हादसे में रेस्क्यू टीमों ने घायलों को निकालकर ऋषिकेश के एम्स और सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य के साथ घायलों के उपचार पर नजर रखी जा रही है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.