अंकिता हत्याकांड: विनोद आर्य के घर पहुंची कांग्रेस, सड़क पर बैठकर किया प्रदर्शन; पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाया!

Share your love

लोकजन टुडे, शीतल सकलानी

अंकिता की कथित निजी चैट सार्वजनिक करने का विरोध, कांग्रेस ने विनोद आर्य के खिलाफ FIR दर्ज करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई !

देहरादून:अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड में एक बार फिर विरोध तेज हो गया है। मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य की ओर से अंकिता की कथित निजी व्हाट्सऐप चैट सार्वजनिक किए जाने के बाद कांग्रेस ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विनोद आर्य के आवास का घेराव किया और सड़क पर बैठकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विनोद आर्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि अंकिता भंडारी की निजी बातचीत को सार्वजनिक कर उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाई गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर अंकिता की निजी चैट विनोद आर्य तक कैसे पहुंची और इसे सार्वजनिक करने की जरूरत क्यों पड़ी?

प्रदर्शन के दौरान माहौल गर्म रहा। कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर विरोध जताते रहे। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया और उन्हें अपने साथ ले गई।

दरअसल, कुछ दिन पहले विनोद आर्य ने हरिद्वार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अंकिता और उसके एक दोस्त के बीच हुई बताई जा रही करीब 4085 पन्नों की व्हाट्सऐप चैट सार्वजनिक की थी। उन्होंने इन चैट के आधार पर मामले की जांच पर सवाल उठाए और अपने बेटे पुलकित आर्य को निर्दोष बताते हुए सीबीआई जांच की मांग की थी।

विनोद आर्य के इस बयान और चैट सार्वजनिक करने के बाद से ही प्रदेश में विरोध देखने को मिल रहा है। इससे पहले पहाड़ी महासभा भी हरिद्वार नगर कोतवाली पहुंचकर उनके खिलाफ तहरीर दे चुकी है। संगठन ने निजी चैट सार्वजनिक किए जाने की निष्पक्ष जांच और मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी।

अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक बहस का मुद्दा बन गया है। अब कांग्रेस ने भी इस मामले में कार्रवाई की मांग तेज कर दी है।



Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.