जनगणना में किरायेदारों की भी होगी मौजूदा पते पर गिनती, निजी जानकारी रहेगी गोपनीय!

Share your love

उत्तराखंड में 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्व-गणना का विकल्प, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे गणनाकर्मी; किराये पर रहने वाले लोगों को भी वर्तमान निवास के आधार पर दर्ज किया जाएगा।

लोकजन टुडे, शीतल सकलानी

देहरादून: जनगणना 2027 के तहत इस बार किराये के मकानों में रहने वाले लोगों की गणना भी उनके मौजूदा निवास स्थान पर की जाएगी। यानी जो लोग अपने मूल गांव या शहर से बाहर किसी दूसरे स्थान पर किराये पर रह रहे हैं, उन्हें जनगणना के दौरान वहीं दर्ज किया जाएगा, जहां वे वर्तमान में रह रहे हैं। जनगणना में जुटाई जाने वाली व्यक्तिगत जानकारी को गोपनीय रखने की व्यवस्था भी की गई है।

उत्तराखंड में जनगणना के दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 16 नवंबर से 30 नवंबर तक लोग ऑनलाइन स्व-गणना के माध्यम से अपने परिवार का विवरण खुद दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद 1 दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक गणनाकर्मी घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे और ऑनलाइन दर्ज विवरण का सत्यापन भी करेंगे।

इस बार जनगणना की प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से पूरी की जा रही है। परिवार के सदस्यों से जुड़ी जानकारी के लिए निर्धारित प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनमें नाम, उम्र, शिक्षा, रोजगार, वैवाहिक स्थिति, भाषा, जन्मस्थान और पलायन से जुड़े विवरण शामिल हैं।

प्रशासन के अनुसार, जनगणना के दौरान जुटाए गए व्यक्तिगत आंकड़े सार्वजनिक नहीं किए जाएंगे। इनका इस्तेमाल केवल सांख्यिकीय और विकास योजनाओं से जुड़े कार्यों के लिए किया जाएगा। लोगों की निजी जानकारी की सुरक्षा जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत सुनिश्चित की गई है।

जनगणना के आंकड़े सरकार के लिए भविष्य की योजनाएं तैयार करने, सुविधाओं की जरूरत समझने और संसाधनों के वितरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में किराये पर रहने वाले लोगों समेत सभी नागरिकों से सही जानकारी दर्ज कराने की अपील की गई है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.