CM पुष्कर सिंह धामी की पहल पर चम्पावत के खेतीखान में मल्टीलेवल पार्किंग को मिली ₹664.49 लाख की स्वीकृति !

Share your love

लोकजन टुडे ब्यूरो

माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार जनपद चम्पावत के ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

इसी क्रम में जनपद चम्पावत के विकासखंड पाटी अंतर्गत खेतीखान क्षेत्र में मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण हेतु प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

उत्तराखंड आवास एवं नगर विकास प्राधिकरण के अनुक्रम में नियोजन विभाग की तकनीकी संपरीक्षा प्रकोष्ठ (TAC) द्वारा कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग, चम्पावत को ₹664.49 लाख (रूपये छः करोड़ चौसठ लाख उनचास हजार मात्र) की स्वीकृति प्रदान की गई है।

वित्तीय वर्ष 2025–26 में प्रथम किश्त के रूप में स्वीकृत धनराशि का 40 प्रतिशत, लगभग ₹265.796 लाख (रूपये दो करोड़ पैंसठ लाख उन्नासी हजार छः सौ मात्र) जारी कर दिया गया है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूर्ण होने से खेतीखान क्षेत्र में लंबे समय से बनी पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। इससे स्थानीय निवासियों, पर्यटकों तथा वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था भी अधिक सुगम बनेगी। उन्होंने कहा कि मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण भूमि के कुशल उपयोग को सुनिश्चित करेगा, जो पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ पूर्ण किया जाए तथा कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग करते हुए प्रगति की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.