रामनगर में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, 86 मकान ध्वस्त; सुबह से भारी पुलिस बल रहा तैनात!

Share your love

लोकजन टुडे, देहरादून

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में शनिवार सुबह वन भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई। पूछड़ी क्षेत्र में कोसी नदी किनारे बने मकानों पर वन विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कार्रवाई में 86 पक्के मकान ध्वस्त किए गए हैं।

कार्रवाई को लेकर प्रशासन ने शुक्रवार शाम से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। शनिवार तड़के पुलिस और प्रशासन की टीमें जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंचीं और ध्वस्तीकरण शुरू कर दिया। इस दौरान पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन की ओर से पहले ही संबंधित लोगों को नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे।

करीब 14 हेक्टेयर वन भूमि को खाली कराने के लिए पूरे क्षेत्र को दो सुपर जोन, सात जोन और 14 सेक्टरों में बांटा गया था। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 525 पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी की तीन कंपनियां तैनात की गई थीं। आवाजाही पर नजर रखने के लिए छह बैरियर भी लगाए गए।

वहीं, सरकारी वन भूमि को अवैध तरीके से बेचकर बस्ती बसाने के मामले में ताहिर मुल्ला नाम के व्यक्ति पर आरोप लगे हैं। वन विभाग ने मामले में मुकदमा दर्ज कराया है और पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है|

प्रशासन का कहना है कि सरकारी वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए यह कार्रवाई की गई है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.