जनपद रुद्रप्रयाग के 20वें पुलिस अधीक्षक के तौर पर निहारिका तोमर ने किया पदभार ग्रहण !

Share your love

लोकजन टुडे ब्यूरो

नीहारिका तोमर (आई.पी.एस.) ने जनपद रुद्रप्रयाग के नए पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार संभालते ही उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारियों के साथ बैठक कर जनपद की सुरक्षा व्यवस्था और अपराध की स्थिति का जायजा लिया।

एसपी की प्राथमिकताएं: संवेदनशील और पारदर्शी पुलिसिंग – नवनियुक्त एसपी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पुलिस का व्यवहार जनता के प्रति संवेदनशील होना चाहिए। उनकी मुख्य प्राथमिकताएं निम्नवत हैं:

  • जनसुनवाई: फरियादियों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निराकरण।
  • व्यवहार कुशलता: पुलिस कर्मियों के व्यवहार में सुधार और किसी भी प्रकार की अवैध संलिप्तता पर शून्य सहिष्णुता (Zero Tolerance)।
  • अपराध नियंत्रण: साइबर अपराध पर लगाम और महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्यवाही।
  • नशा मुक्ति: ड्रग्स और अवैध शराब के विरुद्ध कठोर अभियान।

इसके अतिरिक्त उनके द्वारा सभी थाना प्रभारियों को अवगत कराया गया कि आगामी दिवसों में सभी थाना क्षेत्रों का भ्रमण किया जाएगा। सभी प्रभारियों को गत वर्षो के यात्रा सम्बन्धी फीडबैक दिए जाने के निर्देश दिए गए।
केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि आगामी 22 अप्रैल 2026 की घोषित हुई है, यात्रा व्यवस्थाओं के दृष्टिगत आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए गए।

विशेष अभियान: ‘Operation Crack Down’ (सत्यापन अभियान)
पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड के निर्देशों पर 15 फरवरी 2026 से 15 मार्च 2026 तक एक माह का सघन सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के मुख्य बिंदु:
लक्ष्य: बाहरी राज्यों/देशों से आकर बिना पहचान बताए रह रहे संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करना।

कार्यक्षेत्र: होटल, होमस्टे, आश्रम, हॉस्टल, किरायेदार, प्राइवेट नौकरी करने वाले और रेहड़ी-ठेली वाले।

विशेष टीमें: हर थाने पर एक स्पेशल फील्ड टीम (SI, ASI, HC और कांस्टेबल) का गठन किया गया है, जो केवल सत्यापन का कार्य करेगी।

डेटा विश्लेषण: जनपद स्तर पर डेटा विश्लेषण टीम बनाई गई है जो राष्ट्रीय पोर्टल से संदिग्धों का मिलान करेगी।

जनता से अपील: जनपद पुलिस की आम जनता से अपील की है कि वे अपने किरायेदारों का विवरण थाने में दें और अपने आस-पास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना गोपनीय रूप से पुलिस को दें।

उपस्थिति – इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी विकास पुण्डीर, प्रतिसार निरीक्षक कैलाश शर्मा एवं जनपद के समस्त थाना/शाखा प्रभारी उपस्थित रहे.


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.