नैनीताल: दुल्हन हुई कोरोना संक्रमित, बारात पहुंचने से पहले चला पता, जानिए फिर क्या हुआ

Share your love

नैनीताल: नैनीताल में रामगढ़ ब्लॉक के मनर्सा गांव में दुल्हन के कोरोना संक्रमित होने पर वर-वधू ने पीपीई किट पहनकर फेरे लिए। शादी में दोनों पक्षों के 12 लोग शामिल हुए। वर-वधू के साथ ही बरातियों और घरातियों को 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन कर दिया गया है।

बीती सोमवार को मनर्सा गांव में दोपहर 12 बजे दिनेशपुर (ऊधमसिंह नगर) से बरात पहुंची, जिसमें दूल्हे समेत छह लोग थे। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम की निगरानी में शादी की सभी रस्में पूरी हुईं। प्रशासन ने दोनों पक्षों के लिए पीपीई किट मुहैया कराई। वर-वधू ने पीपीई किट पहनकर फेरे लिए।

राजस्व निरीक्षक भुवन चंद्र भंडारी और उपनिरीक्षक पवन ध्यानी ने बताया कि शादी के बाद दुल्हन को एक अलग वाहन से ससुराल भेजा गया, जहां दिनेशपुर में पूरे परिवार को कोविड नियमों के तहत 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन की व्यवस्था की गई है। शादी कार्यक्रम के दौरान खैरना पुलिस कांस्टेबल हर्षवर्धन सिंह, जितेंद्र सिंह थापा भी मौजूद रहे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.