2022 में आएंगी पहले से अधिक सीटें: प्रल्हाद जोशी

Share your love

देहरादून: केंद्रीय संसदीय कार्य, कोयला एवं खान मंत्री तथा भाजपा के उत्तराखंड चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किए गए विकास कार्यों की बदौलत भाजपा ने जनता का विश्वास अर्जित किया है। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में वर्ष 2017 में हुए चुनाव के मुकाबले भाजपा वर्ष 2022 में ज्यादा सीटें जीतेगी।

गुरुवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पूर्व विधायकों, दायित्वधारियों व पूर्व दायित्वधारियों की बैठक को संबोधित करते हुए प्रल्हाद जोशी ने कहा कि कोरोना से निबटने के लिए उत्तराखंड सरकार ने बेहतर प्रबंधन किया। अर्थव्यवस्था भी दोबारा पटरी पर आ गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा सरकार के तमाम विकास कार्य ही पार्टी के 2022 चुनाव के मुद्दे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान मतदाताओं को प्रेरित कर मतदान केंद्र तक लाना सुनिश्चित करें। उत्तराखंड में भाजपा सरकार के विकास की चर्चा आज पूरे देश में है। विपक्ष इससे घबराया हुआ है। विपक्ष कभी कोयला संकट और कभी बिजली संकट के नाम पर दुष्प्रचार कर रहा है। विपक्ष झूठ फैलाने में महारत हासिल कर चुका है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि चिंतन बैठक में दिसंबर तक का जो रोड मैप तैयार किया गया, पार्टी तेजी से उस पर आगे बढ़ रही है। कार्यकर्त्ताओं को केंद्र और राज्य की योजनाओं से जनता को अवगत कराना है। 252 मंडलों में पार्टी सम्मेलन हो रहे हैं। 14 सांगठनिक जिलों में कार्य समिति और मोर्चों के सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। प्रबुद्ध सम्मेलन चल रहे हैं और दिसंबर में 70 विधानसभा क्षेत्रों में जन आशीर्वाद रैली होगी। 2022 के विधानसभा चुनाव की दृष्टि से पूर्व विधायकों और दायित्वधारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यों से प्रदेश में भाजपा के अनुकूल माहौल बना हुआ है।

 

 


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.