एसएसपी देहरादून की कोतवाली पटेलनगर टीम का बड़ा धमाका, किराए के मकान में चल रहे सेक्स रैकेट का किया भंडाफोड़ !

Share your love

संवाददाता: करन सहगल

एसएसपी देहरादून के कुशल नेतृत्व और दूरदर्शी दिशा-निर्देशों के तहत दून पुलिस ने अवैध गतिविधियों और अपराध पर लगाम कसते हुए एक और शानदार सफलता हासिल करते हुए कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने त्वरित, सटीक और साहसिक कार्रवाई करते हुए हरभजवाला स्थित एक किराए के मकान में चल रहे देह व्यापार के काले कारोबार का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने गिरोह के मुख्य सरगना सहित कुल छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, साथ ही बंधक बनाकर रखी गई एक नाबालिग युवती को सकुशल रेस्क्यू कर मिसाल कायम की है।

जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पटेलनगर नरेश सिंह राठौड़ को मुखबिर के जरिए नीलकंठ एनक्लेव, हरभजवाला में अवैध देह व्यापार चलने की सूचना मिली जिस पर एसएसपी देहरादून के मार्गदर्शन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़ के कुशल नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए नीलकंठ एनक्लेव स्थित संदिग्ध मकान में औचक छापेमारी की । पटेलनगर पुलिस की इस मुस्तैद कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से तीन पुरुषों और तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया तथा बंधक बनाई गई नाबालिग युवती को सुरक्षित बाहर निकाला।

नाबालिक को दिल्ली से घुमाने के बहाने लाकर बनाया बंधक

पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि गिरोह का मुख्य सरगना मनीष कुमार लखेड़ा दिल्ली व आसपास के क्षेत्रों से महिलाओं को बुलाकर व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों को तस्वीरें भेजता था। ग्राहकों की मांग के अनुसार वह लड़कियों को किराए के कमरे या अन्य स्थानों पर भेजकर अनैतिक देह व्यापार करवाता था। वहीं रेस्क्यू की गई नाबालिग युवती को मुख्य अभियुक्त का साथी अभिषेक दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लाया था। जब युवती ने गलत काम करने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपियों ने उसे कमरे में जबरन बंधक बनाकर रखा हुआ था।

आपत्तिजनक सामग्री व नकदी बरामद, संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज

पटेलनगर पुलिस टीम ने अभियुक्तों के कब्जे से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री, दवाइयां और देह व्यापार से कमाए गए 18,000 रुपये नकद बरामद करते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं, पॉक्सो एक्ट और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 के तहत मुकदमा संख्या 704/2026 दर्ज कर लिया है ।

गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम मनीष कुमार लखेड़ा निवासी नीलकंठ एनक्लेव, पटेलनगर (मुख्य सरगना), अभिषेक निवासी महावीर नगर, दिल्ली, भानू उर्फ सिद्धान्त निवासी बडोवाला, आरकेडिया नगर, देहरादून, ममता निवासी पूर्वी दिल्ली, नेहा निवासी संगम विहार, दिल्ली एवं सुमन निवासी कल्याणपुरी, दिल्ली है।

इस घिनौने काम का भांडाफोड़ करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली पटेलनगर निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेडी, चौकी प्रभारी, ISBT उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, महिला उपनिरीक्षक शिखा तेग्रवाल, हैड कॉन्स्टेबल मनोज कुमार, कॉन्स्टेबल कैलाश पवांर, कॉन्स्टेबल बृजमोहन सिंह रावत, कॉन्स्टेबल नितिन कुमार, कॉन्स्टेबल राकेश पवांर एवं हैड कॉन्स्टेबल चालक बबूल शामिल थे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.