चकराता में वनक्षेत्राधिकारी अवनीश त्रिपाठी के नेतृत्व में विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध कटान करते हुए एक गिरफ्तार !

Share your love

रिपोर्ट :नितिन पिपलानी

चकराता वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी वैभव कुमार सिंह के निर्देशानुसार वन संपदा की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रतिबद्ध वन विभाग ने तस्करों के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है।

वन अधिकारी अवनीश त्रिपाठी के सटीक रणनीतिक नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध रूप से देवदार के बहुमूल्य पेड़ों का कटान और चिरान करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

वन कर्मियों ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो साथी भागने में सफल रहे। पकड़े गए आरोपी संगतु पुत्र रणू निवासी ग्राम हर्टाड़ को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वन तस्करों की सक्रियता की सूचना मिलते ही वन अधिकारी त्रिपाठी ने त्वरित और सूझबूझ भरी योजना तैयार कर पूरी टीम के साथ संवेदनशील इलाके में छापेमारी की और मौके से एक आरोपी को रंगे हाथों धर दबोचा जिसके खिलाफ सुसंगत वन अधिनियमों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है । आरोपी आरक्षित वन क्षेत्र के भीतर देवदार के हरे-भरे पेड़ को अवैध रूप से काटने और उसका चिरान करने के घिनौने कृत्य में लिप्त था। हालांकि, घने जंगल और अंधेरे का अनुचित लाभ उठाकर उसके दो अन्य साथी मौके से भागने में सफल रहे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगातार दबिश दे रही है।

त्रिपाठी के नेतृत्व में चली इस त्वरित कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम ने एक मौके से आधुनिक स्वचालित चेन आरा, ​एक टॉर्च, ​दो चालू मोबाइल फोन बरामद किए ।

अवैध कटान को पकड़ने वाली टीम में मुख्य रूप से वन दारोगा रमेश खेड़ा, वन बीट अधिकारी अजीत, वन बीट अधिकारी निखिल, दैनिक श्रमिक मनोज थापा और राजू शामिल रहे।

अवनीश त्रिपाठी का सख्त संदेश: “आरक्षित वन क्षेत्रों और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा। वन संपदा की रक्षा करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी ऐसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ और अधिक आक्रामक अभियान जारी रहेंगे।”


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.