गौरव अग्रवाल ने कृषि मेला, पेयजल योजना और विकास कार्यों में करोड़ों के घोटाले का लगाया आरोप !

Share your love

लोकजन टुडे ब्यूरो


कांग्रेस नेता और पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष मसूरी गौरव अग्रवाल ने उत्तराखंड के कृषि विभाग में बड़े घोटाले का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री गणेश जोशी के संरक्षण में किसानों के नाम पर करोड़ों रुपये की लूट की गई है।


गौरव अग्रवाल ने देहरादून के गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में आयोजित एग्रो मित्र कृषि मेले को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नियमों को ताक पर रखकर एक निजी कंपनी को पहले से ही टेंडर दे दिया गया। उद्घाटन से पहले ही पूरे मेले का सेटअप तैयार होना इस बात का सबूत है कि टेंडर प्रक्रिया केवल औपचारिकता थी।


उन्होंने कहा कि एक ओर किसान खाद, बीज और दवाइयों के लिए परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार कृषि मेलों के नाम पर निजी कंपनियों को फायदा पहुंचा रही है।



गौरव अग्रवाल ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र की 144 करोड़ रुपये की मसूरी-यमुना पंपिंग पेयजल योजना और शिवराज परियोजना में भी बड़े पैमाने पर घोटाले का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं में जनता के पैसे का दुरुपयोग किया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भ्रष्टाचार पर ‘जीरो टॉलरेंस’ के दावे पर सवाल उठाते हुए गौरव अग्रवाल ने कहा कि जब अपने ही मंत्री पर कार्रवाई नहीं हो पा रही है, तो सरकार की नीयत पर सवाल उठना लाज़मी है।


उन्होंने जॉर्ज एवरेस्ट क्षेत्र में हाईकोर्ट के निर्देशों के बावजूद एंट्री फीस वसूले जाने और सरकारी संपत्तियों को कम दामों पर सौंपे जाने का मुद्दा भी उठाया।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.