डीएम मनीष कुमार ने “आदर्श चम्पावत 2030” विजन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक की !

Share your love

लोकजन टुडे

समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं समन्वित विकास कार्यों पर विशेष जोर

माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में जनपद चम्पावत के समग्र एवं सतत विकास हेतु संचालित “आदर्श चम्पावत 2030” विजन डॉक्यूमेंट की प्रगति की समीक्षा जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विजन डॉक्यूमेंट में निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं आपसी समन्वय के साथ पूर्ण किए जाएँ, ताकि आमजन को योजनाओं का सीधा एवं प्रभावी लाभ मिल सके।

जिलाधिकारी ने योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, फील्ड निरीक्षण तथा प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। विभागवार समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी गतिमान परियोजनाओं में तेजी लाने, कार्य गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन योजनाओं को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, उनकी निविदा प्रक्रिया समय पर पूर्ण की जाए। साथ ही, पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों को शीघ्र संबंधित विभागों को हस्तांतरित कर उनका उपयोग सुनिश्चित किया जाए, जिससे परिसंपत्तियाँ निष्प्रयोज्य न रहें।

बैठक में विकास कार्यों के दौरान स्थानीय परंपराओं, जैव विविधता तथा पारिस्थितिक संतुलन को प्राथमिकता देने पर भी विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि विकास के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी ने युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु स्वयंसेवी संगठनों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के माध्यम से उन्हें “आदर्श चम्पावत” अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि “आदर्श चम्पावत 2030 केवल भौतिक अवसंरचना के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक संवेदनशील, समावेशी और टिकाऊ जनपद के निर्माण की व्यापक सोच का परिणाम है।”

इस दौरान पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी श्री कृष्णनाथ गोस्वामी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी दीप्तकीर्ति तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.