सीएम धामी के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस का लोकभवन कूच, कंधे पर ‘करप्शन की पोटली’ लेकर निकले गणेश गोदियाल!

Share your love

लोकजन टुडे, शीतल सकलानी

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले भ्रष्टाचार का मुद्दा गरमा गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश सरकार के मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने गुरुवार को देहरादून में लोकभवन कूच किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में निकले इस मार्च में पार्टी के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान गणेश गोदियाल अपने कंधे पर भ्रष्टाचार की पोटली लेकर चलते नजर आए। कांग्रेस ने इस प्रतीकात्मक पोटली के जरिए मुख्यमंत्री धामी और सरकार के मंत्रियों पर लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। पार्टी की ओर से प्रदेशभर में चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के तहत जुटाए गए दस्तावेज और बैनर भी राज्यपाल को सौंपने की तैयारी की गई।

कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, सत्ता के दुरुपयोग और जनहित से जुड़े कई मुद्दों पर सरकार जवाब देने से बच रही है। पार्टी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ कैबिनेट मंत्रियों पर लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने और सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई है।

वहीं मार्च के चलते देहरादून की सड़कों पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। प्रदर्शन के चलते सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को जाम का सामना करना पड़ा।

कांग्रेस का यह प्रदर्शन ऐसे समय में हुआ है, जब प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। ऐसे में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर लोकभवन तक निकाला गया यह मार्च धामी सरकार के खिलाफ कांग्रेस की राजनीतिक घेराबंदी के तौर पर भी देखा जा रहा है।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.