उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 17 कप्तानों के विभागों में बदलाव!

Share your love

लोकजन टुडे, शीतल सकलानी

उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS), राज्य सिविल सेवा और सचिवालय सेवा के कुल 17 अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। इस संबंध में कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से 25 नवंबर 2026 को आदेश जारी किए गए हैं। आदेश के अनुसार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जारी आदेश के तहत कई वरिष्ठ अधिकारियों के विभाग बदले गए हैं, जबकि कुछ अधिकारियों से अतिरिक्त प्रभार वापस लेकर नई जिम्मेदारी दी गई है।

इन अधिकारियों के विभागों में हुआ बदलाव

ललित मोहन रयाल को प्रमुख सचिव आबकारी विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले उनके पास खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग सहित अन्य जिम्मेदारियां थीं।

आईएएस अधिकारी रणजीत कुमार सिन्हा को सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, सुशील कुमार को खेल एवं युवा कल्याण विभाग का सचिव बनाया गया है।

डॉ. आर. राजेश कुमार को औद्योगिक विकास (खनन) विभाग का सचिव और महानिदेशक खनन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। युगल किशोर पंत को सचिव तकनीकी शिक्षा विभाग बनाया गया है।

आईएएस अधिकारी रंजना राजगुरु को सचिव सिंचाई विभाग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि आईएएस अधिकारी सीमा जौहरी को अपर सचिव श्रम विभाग में तैनाती दी गई है।

वहीं, विनीत कुमार को अपर सचिव जलागम, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग और जलागम परियोजना से जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मनुज गोयल को अपर सचिव वित्त विभाग बनाया गया है।

आईएएस अधिकारी महरबान सिंह बिष्ट को अपर सचिव गृह विभाग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि अभिनव शाह को अपर सचिव सहकारिता विभाग और निबंधक सहकारिता का दायित्व सौंपा गया है।

इसके अलावा विक्रम सिंह यादव से अपर सचिव अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का प्रभार वापस लिया गया है। सचिवालय सेवा की अधिकारी महिमा रंकली को अपर सचिव वन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

पीसीएस अधिकारी बीएस चनाल को निदेशक दुग्ध विकास और निदेशक महिला डेयरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, इला गिरी को अपर आयुक्त नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग में तैनाती दी गई है।

शासन की ओर से जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को अपने वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.