सटीक मुखबिरी, अडिग धैर्य और मैनुअल पुलिसिंग का कमाल: 17 साल से फरार 1 लाख के इनामी हिस्ट्रीशीटर तक ऐसे पहुंची एसटीएफ और दून पुलिस !

Share your love

लोकजन टुडे, ब्यूरो

बाईट: एसपी सिटी शेखर चंद्र सुयाल

देहरादून: उत्तराखण्ड एसटीएफ और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम ने शानदार समन्वय, धैर्य और सटीक मैनुअल पुलिसिंग का परिचय देते हुए 17 वर्षों से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात हिस्ट्रीशीटर को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने और पहचान बदलकर अलग-अलग राज्यों में रह रहा था, लेकिन एसटीएफ व दून पुलिस की संयुक्त टीम ने उसकी हर चाल को नाकाम करते हुए उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

मामला 23 जुलाई 2009 का है, जब ओएनजीसी के महाप्रबंधक नरेंद्र कुमार वर्मा निवासी मकान नंबर 10, फेस सेकंड, वसंत विहार, देहरादून ने थाना बसंत विहार पुलिस को प्रार्थना पत्र के माध्यम से 5 हथियारबंद बदमाशो द्वारा उनके परिवार के सदस्यों को चोट पहुंचाने और लूट की वारदात को अंजाम देने के बारे में अवगत कराया जिसके बाद थाना वसंत विहार पुलिस द्वारा संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

विवेचना के दौरान घटना में पांच आरोपियों राशिद उर्फ राकीब, बबलू, इमरान, समद (सभी मेरठ व मुजफ्फरनगर निवासी) और शौकत अली पुत्र लतीफ निवासी अहमदनगर, थाना देहली गेट, जनपद मेरठ के नाम सामने आए थे जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 अगस्त 2009 को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि शौकत अली घटना के बाद से ही फरार चल रहा था।

लंबे समय से फरार चल रहे शौकत अली पर पूर्व में एसएसपी देहरादून ने 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया था। बाद में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था), उत्तराखण्ड ने इस इनामी राशि को बढ़ाकर 1,00,000 रुपये कर दिया था।

वांछित और इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत उत्तराखण्ड एसटीएफ और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम लगातार मैनुअल पुलिसिंग के जरिए आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान टीम को पुख्ता सूचना मिली कि शौकत अली पश्चिम बंगाल के कोलकाता क्षेत्र में अपनी पहचान छिपाकर टाइल्स और पत्थर लगाने का काम कर रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम ने आरोपी को थाना भाटपाड़ा, जनपद उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में 11 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना देहली गेट (मेरठ) के कई मामले, थाना हल्द्वानी (नैनीताल) का मुकदमा अपराध संख्या 357/09 तथा थाना बसंत विहार (देहरादून) का पक्षीय शामिल हैं।

लगभग दो दशकों से कानून की पकड़ से दूर रहे भाग रहे इस शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसटीएफ उत्तराखंड से निरीक्षक अबुल कलाम, उपनिरीक्षक नरोत्तम सिंह बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक हितेश कुमार, हैड कॉन्स्टेबल संजय कुमार, हैड कॉन्स्टेबल देवेंद्र ममगई, हैड कॉन्स्टेबल वीरेंद्र नौटियाल, हैड कॉन्स्टेबल बिजेन्द्र चौहान, कॉन्स्टेबल अनिल कुमार, कॉन्स्टेबल मोहन असवाल और थाना बसंत विहार पुलिस टीम से थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक अमित कुमार शर्मा व अपर उपनिरीक्षक गंभीर सिंह की रणनीति और परिश्रम की सराहना की जा रही है।

उत्तराखण्ड पुलिस का वांछित और इनामी अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.