अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए फिर धरने पर बैठे माता-पिता, विनोद आर्य के खिलाफ FIR की मांग!

Share your love

लोकजन टुडे, शीतल सकलानी

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर देहरादून में न्याय की मांग उठी है। बुधवार को अंकिता के माता-पिता गांधी पार्क पहुंचे और महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे धरने पर बैठ गए। उन्होंने पूर्व भाजपा नेता विनोद आर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई।

अंकिता के माता-पिता का कहना है कि उनकी बेटी को न्याय दिलाने की लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, उनका संघर्ष जारी रहेगा।

दरअसल, हाल ही में विनोद आर्य की ओर से अंकिता की कथित निजी व्हाट्सऐप चैट सार्वजनिक किए जाने के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया है। इसको लेकर अंकिता के माता-पिता ने आपत्ति जताई थी और राजपुर थाने में विनोद आर्य और उनके वकील के खिलाफ शिकायत भी दी थी।

परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी की निजी बातचीत को सार्वजनिक कर उसकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। इसी मामले में वे विनोद आर्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहे हैं।

गौरतलब है कि सितंबर 2022 में ऋषिकेश के पास वनंत्रा रिजॉर्ट में काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई थी।

अब एक बार फिर अंकिता के माता-पिता के धरने पर बैठने से यह मामला सुर्खियों में है। परिवार की मांग है कि उनकी शिकायत पर कार्रवाई की जाए और उन्हें न्याय मिले।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.