बैंक के बाहर से AC यूनिट चुराने वाली शातिर महिला चोर गिरफ्तार, ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत दून पुलिस की बड़ी कामयाबी !

Share your love

संवाददाता : करन सहगल

देहरादून में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली नगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बैंक के बाहर से एयर कंडीशनर (AC) का आउटडोर यूनिट और कॉपर वायर चोरी करने वाली एक शातिर महिला चोर को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई महिला पहले भी चोरी के कई मामलों में जेल जा चुकी है।

एटीएम के बाहर से उड़ाया था AC का आउटडोर

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि बीती 21 मई 2026 को बैंक ऑफ इंडिया (एस्ले हॉल शाखा) की वरिष्ठ शाखा प्रबंधक सुनीता शर्मा ने कोतवाली नगर में एक तहरीर दी थी। तहरीर के मुताबिक, अज्ञात चोरों ने बैंक के बाहर एटीएम में लगे कैरियर कंपनी के स्प्लिट AC का आउटडोर यूनिट और कॉपर वायर चोरी कर लिया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया था।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा आपराधिक गतिविधियों में लिप्त अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और घटना के जल्द अनावरण के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

बीते कल, 27 मई 2026 को चैकिंग के दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने कोतवाली नगर क्षेत्र से एक महिला को चोरी के सामान के साथ दबोच लिया। बरामद सामान की कीमत लगभग 50,000 रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपी महिला का नाम: ललिता देवी, पत्नी लुटकुन साहनी, ​निवासी: आजाद कॉलोनी, गोविंदगढ़, थाना कैंट, देहरादून है।

पुराना आपराधिक इतिहास

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्ता बेहद शातिर किस्म की चोर है और पहले भी थाना राजपुर और थाना कैंट से चोरी के मामलों में जेल जा चुकी है।

पुलिस टीम की भूमिका

इस सफल अनावरण और गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी धारा चौकी उपनिरीक्षक संदीप कुमार, महिला उपनिरीक्षक ज्योति कन्याल, अपर उपनिरीक्षक हरी प्रसाद पुरोहित, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र, कांस्टेबल सोनी कुमार और कांस्टेबल संदीप रावत शामिल थे।


Discover more from Lokjan Today

Subscribe to get the latest posts sent to your email.